Nagpur News: कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके ने नागपुर में केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बुधवार को कहा कि देश में अघोषित आपातकाल जैसे हालात बन चुके हैं। जंतर-मंतर पर तिरंगा फहराने के लिए भी इजाजत लेनी पड़ती है और प्रदर्शनकारियों को पांच दिनों के लिए हिरासत में भेज दिया जाता है।
दीपके ने मीडिया से बात करते हुए सौरव दास और आशुतोष रांका की हिरासत को पूरी तरह अवैध बताया। उन्होंने सरकार के खिलाफ बोलने वालों को अर्बन नक्सल कहे जाने पर भी कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका संगठन किसी दल से नहीं जुड़ा है, लेकिन इंडिया गठबंधन के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त का विरोध उनका साझा मकसद है।
मतदाता सूची से नाम कटने और अदालत की भूमिका पर उठाए सवाल
दीपके ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब लोगों के नाम ही कट जाएंगे तो वे वोट कैसे डालेंगे। इस पूरे मामले में उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के रुख पर भी सवाल खड़े किए और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
आरएसएस की विचारधारा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि देश केवल बाबासाहेब आंबेडकर के संविधान से ही चलेगा। उन्होंने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को सूखा पीड़ितों और किसानों की समस्याओं पर ध्यान देने की सलाह दी। दीपके ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्दों के बजाय सरकार को किसानों के संकट पर बात करनी चाहिए।
