हिमाचल में मंत्रियों के काफिले से हट सकती है दूसरी पायलट गाड़ी, खर्च घटाने के लिए सरकार ने तैयार किया नया प्लान

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश में मंत्रियों के काफिले में चलने वाली दो पायलट गाड़ियों की व्यवस्था जल्द खत्म हो सकती है। राज्य सरकार मंत्रियों की सुरक्षा और उनके काफिले में शामिल वाहनों के नियमों में बड़ा बदलाव करने जा रही है। नए प्रस्ताव के तहत अब काफिले में केवल एक ही पायलट गाड़ी रखने की योजना है।

हाल ही में शनिवार को आयोजित हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव पर काफी विस्तार से चर्चा की गई। हालांकि, इस विषय पर अभी तक अंतिम सहमति नहीं बन सकी है। अब गृह विभाग इस बदलाव को लेकर सभी कैबिनेट मंत्रियों से व्यक्तिगत रूप से राय मांगेगा।

कैबिनेट मंत्रियों की राय और मंजूरी मिलने के बाद इस प्रस्ताव को दोबारा मंत्रिमंडल की बैठक में अंतिम स्वीकृति के लिए रखा जाएगा। राज्य सरकार यह कदम सरकारी खर्च में कटौती करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने के मकसद से उठाने जा रही है।

आर्थिक दबाव के इस दौर में सरकार अनावश्यक खर्चों पर लगाम लगाने पर लगातार जोर दे रही है। मंत्रियों के काफिले में दो-दो पायलट वाहन होने से लगातार सवाल उठ रहे थे। इसी वजह से इस पुरानी व्यवस्था की नए सिरे से समीक्षा की जा रही है।

वर्तमान व्यवस्था के तहत जब कोई मंत्री सचिवालय से दौरे पर निकलता है, तो उसके साथ एक पायलट वाहन चलता है। यह गाड़ी जिले की सीमा तक ही जाती है। इसके बाद आगे संबंधित जिला प्रशासन मंत्री को दूसरा नया पायलट वाहन मुहैया कराता है।

अक्सर यह देखा गया है कि शिमला से चलने वाला पायलट वाहन भी मंत्री के पूरे दौरे में साथ ही बना रहता है। जिला प्रशासन की ओर से मिली दूसरी गाड़ी के कारण काफिले में दो पायलट वाहन हो जाते हैं। इससे ईंधन का खर्च और कर्मचारियों की तैनाती अनावश्यक रूप से बढ़ जाती है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News