एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता रितु नेगी को पुरस्कार सूची में दोबारा शामिल करेगी हिमाचल प्रदेश सरकार

Share

- Advertisement -

Shimla News: एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की पूर्व कप्तान रितु नेगी को लेकर चल रहा विवाद आखिरकार सुलझ गया है। हिमाचल प्रदेश सरकार ने नकद पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों की सूची में रितु नेगी का नाम फिर से शामिल करने का फैसला किया है। इस कदम से उनके परिवार और प्रशंसकों को राहत मिली है।

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई की रहने वाली रितु नेगी का नाम एक करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार की सूची से हटा दिया गया था। विवाह के बाद हरियाणा में बसने के कारण राज्य सरकार ने अंतिम समय में यह निर्णय लिया था। इस फैसले के बाद खिलाड़ी और उनके परिवार ने गहरी निराशा और नाराजगी जताई थी।

पुरस्कार सूची से नाम हटाए जाने पर रितु नेगी ने राज्य सरकार के इस कदम को अपमानजनक बताया था। उन्होंने कहा कि वह हमेशा से हिमाचल की बेटी रही हैं और उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन किया है। रितु रेलवे में कार्यरत हैं और घरेलू प्रतियोगिताओं में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करती रही हैं।

इस मुद्दे पर मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने सुक्खू सरकार को आड़े हाथों लिया था। भाजपा नेताओं ने कहा कि किसी खिलाड़ी की शादी दूसरे राज्य में होने से उसका अपने गृह राज्य से नाता खत्म नहीं होता। विपक्ष ने इस फैसले को हिमाचल की बेटी के सम्मान और राज्य के गौरव से जोड़ते हुए पुनर्विचार की मांग की थी।

चौतरफा दबाव के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में बड़ा फैसला लिया गया। सरकार ने अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाली टीमों के खिलाड़ियों के नकद पुरस्कार नियमों में संशोधन को मंजूरी दे दी। अब पात्र खिलाड़ियों के बीच पुरस्कार राशि का वितरण समान या आनुपातिक रूप से हो सकेगा।

राज्य सरकार अक्टूबर में आयोजित होने वाले विशेष सम्मान समारोह में एशियाई खेलों के पदक विजेताओं को कुल नौ करोड़ तीन लाख रुपये बांटेगी। इसमें महिला कबड्डी टीम की रितु नेगी, पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर, भावना ठाकुर और महिला क्रिकेटर रेणुका ठाकुर को एक-एक करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News