Delhi News: उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी ने 12 अक्तूबर को हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो बढ़कर 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।
मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार 11 से 16 अक्तूबर के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में रुक-रुक कर बारिश होगी। 12 अक्तूबर को इस क्षेत्र में बारिश की गतिविधियां सबसे अधिक रहेंगी। इस दौरान बिजली कड़कने और जमीन के पास तेज हवाएं चलने की पूरी संभावना जताई गई है।
मौसम में आ रहा यह बदलाव कई सिस्टम के एक साथ सक्रिय होने से हो रहा है। हरियाणा के ऊपर समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना है। साथ ही हिमाचल प्रदेश के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। उत्तर-पश्चिम राजस्थान से मध्य प्रदेश तक कम दबाव की रेखा भी बनी हुई है।
पहाड़ी राज्यों में भी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 11 से 16 अक्तूबर के बीच छिटपुट बारिश हो सकती है। 13 और 14 अक्तूबर को हिमाचल में बिजली कड़कने और आंधी की आशंका है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 13 व 16 अक्तूबर को भारी बारिश के आसार हैं।
राजस्थान के पश्चिमी हिस्से में 11 और 16 अक्तूबर को बारिश हो सकती है। वहीं 11 अक्तूबर को पश्चिमी राजस्थान में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। इसके अलावा 11 अक्तूबर और 14 से 16 अक्तूबर के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी छिटपुट बारिश की संभावना है।
पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक मंडी जिले के सुंदरनगर में एक सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई है। इसके साथ ही पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी के लिए स्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को आंधी-तूफान के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज हवाओं और बिजली से बचने के लिए पेड़ों के नीचे न खड़े होने को कहा गया है। किसानों को कटी फसल सुरक्षित स्थानों पर रखने और फलदार पौधों को सहारा देने की सलाह दी गई है ताकि नुकसान से बचा जा सके।
देश के अन्य हिस्सों की बात करें तो 11 और 12 अक्तूबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 12 से 16 अक्तूबर के दौरान छत्तीसगढ़ में बारिश के आसार हैं। छत्तीसगढ़ में 12 से 14 अक्तूबर तक 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने का अलर्ट जारी किया गया है।