Nahan News: हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ने वाले यमुना पुल पर शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार की ट्रक से जोरदार भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि यह हादसा रात लगभग 10:30 बजे हुआ।
उत्तराखंड जा रही हुंडई क्रेटा कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में सिरमौर जिले के शिलाई निवासी 32 वर्षीय तरसेम सिंह, मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के शांति नगर निवासी 37 वर्षीय अमित कुमार और ग्रेटर नोएडा निवासी 30 वर्षीय सोनू शामिल हैं। रविवार को पांवटा के सरकारी अस्पताल में तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने हादसे में हुई मौतों की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने जानकारी दी कि पुलिस ने पांवटा साहिब थाने में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस सड़क दुर्घटना के कारणों और पूरी घटना की गहन जांच कर रही है।