Shimla News: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज 1 अक्टूबर से रोहड़ू और रामपुर के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत दूरदराज के दुर्गम गांवों में रात बिताएंगे। वह ग्रामीणों के साथ भोजन करके उनकी समस्याएं सुनेंगे और स्थानीय लोगों से सीधा संवाद करेंगे।
मुख्यमंत्री 1 से 3 अक्टूबर तक रोहड़ू और रामपुर विधानसभा क्षेत्रों में कई विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा जनसभाओं, जनता से संवाद, महिला और युवक मंडलों के साथ बैठकों का शेड्यूल तय किया गया है। सुक्खू छात्रों से बात करेंगे और नशा विरोधी एंटी-चिट्टा रैली में हिस्सा भी लेंगे।
सीएम 1 अक्टूबर को शिमला से हेलीकॉप्टर द्वारा रोहड़ू पहुंचेंगे। वह पीएम श्री सीनियर सेकेंडरी स्कूल रोहड़ू में छात्रों से बातचीत करेंगे। इसके बाद वह एंटी-चिट्टा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री चिड़गांव जाएंगे, जहां विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे।
दोपहर में मुख्यमंत्री संदाशु में बिजली बोर्ड के रेस्ट हाउस में ठहरेंगे। शाम को वह ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत भटवारी गांव जाएंगे। यहां वह ग्रामीणों, महिला मंडल और युवक मंडल के सदस्यों से सीधा संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम भी भटवारी गांव में ही शेड्यूल किया गया है।
2 अक्टूबर को मुख्यमंत्री भटवारी में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद वह रोहड़ू से हेलीकॉप्टर द्वारा रामपुर के शिंगला हेलीपैड पहुंचेंगे। शिंगला में मुख्यमंत्री विकास योजनाओं के उद्घाटन और जनसंवाद के बाद दुर्गम क्षेत्र काशापाट जाएंगे। रात्रि विश्राम पाट गांव में होगा।
दौरे के अंतिम दिन 3 अक्टूबर को मुख्यमंत्री पाट गांव से नोगली पहुंचकर जनसभा करेंगे। इसके बाद रामपुर के पदम उत्कृष्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में छात्रों से संवाद करेंगे और एंटी-चिट्टा रैली को रवाना करेंगे। इस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री रामपुर से शिमला वापस लौट जाएंगे।