हिमाचल में ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ की लॉन्चिंग टली, प्रियंका गांधी करेंगी शुभारंभ

Share

- Advertisement -

Solan News: हिमाचल प्रदेश में 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर सोलन से प्रस्तावित ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ की लॉन्चिंग टल गई है। अब इस महत्वाकांक्षी योजना के औपचारिक शुभारंभ के लिए नई तारीख तय की जाएगी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के हाथों इसका शुभारंभ कराने की तैयारी है।

गरीब परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली और महिलाओं को 1500 रुपये

इस योजना के तहत प्रदेश के अत्यंत निर्धन परिवारों को दोहरी आर्थिक राहत प्रदान की जाएगी। इसके अंतर्गत पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही चयनित गरीब परिवारों को 300 यूनिट तक निशुल्क बिजली उपलब्ध कराने का विशेष प्रावधान भी इसमें शामिल किया गया है।

ग्रामीण विकास विभाग द्वारा पंचायत स्तर पर करवाए गए सर्वे में लगभग 1.80 लाख आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मुफ्त बिजली के लिए चिह्नित किया गया है। वहीं योजना के तहत करीब 2.50 लाख महिलाओं को मासिक सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर करने की पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई है।

चुनावी गारंटियों को एक साथ धरातल पर उतारने की तैयारी

सर्वे में बड़ी संख्या उन जरूरतमंद परिवारों की सामने आई है, जिन्हें अब तक किसी अन्य सरकारी योजना का लाभ नहीं मिला था। कांग्रेस की प्रमुख चुनावी गारंटियों में शामिल निशुल्क बिजली और महिला सम्मान राशि को इस योजना के माध्यम से एक साथ लागू करने की प्रशासनिक प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने स्पष्ट किया कि लाभार्थियों का चयन पूरा हो चुका है और जल्द ही नई तारीख का ऐलान होगा। उन्होंने बताया कि महिला लाभार्थियों के खातों में राशि भेजने और पात्र परिवारों को बिजली बिल में छूट देने की तकनीकी व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त कर ली गई है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News