हिमाचल के सरकारी स्कूलों में तीन महीने के भीतर नियुक्त होंगे 2,000 शिक्षक, सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने की घोषणा

Share

- Advertisement -

Solan News: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य के सीबीएसई (CBSE) से संबद्ध सरकारी स्कूलों में अगले तीन महीनों के भीतर 2,000 शिक्षकों की भर्ती करने का बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि इन पदों पर चयन योग्यता के आधार पर होगा। सरकार कम खर्च में बेहतर शिक्षा देने का प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक सीबीएसई स्कूल में पांच से आठ शिक्षकों की तैनाती पहले ही हो चुकी है। निजी स्कूलों में इस स्तर की पढ़ाई बहुत महंगी है, जबकि राज्य सरकार कम लागत में विश्वस्तरीय सुविधाएं दे रही है। इसके साथ ही प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूती देने के लिए 228 नए डॉक्टरों की भी जल्द भर्ती होगी।

यह अहम घोषणाएं मुख्यमंत्री ने अर्की में आयोजित राज्यस्तरीय सायर मेले के समापन समारोह के दौरान कीं। उन्होंने अर्की वासियों को भरोसा दिया कि क्षेत्र में जल्द विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं मिलने लगेंगी। इसके अलावा दिग्गल, भूमती और जयनगर के स्कूलों को भी सीबीएसई बोर्ड से संबद्ध किया जाएगा, जिससे स्थानीय बच्चों को सीधा फायदा मिलेगा।

समारोह में सीएम ने क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को सुधारने के लिए कई सड़कों की मरम्मत हेतु बजट देने का ऐलान किया। विधायक संजय अवस्थी की मांग पर अर्की में कौशल विकास केंद्र खोलने पर विचार का भरोसा दिया। साथ ही शिमला-धैना बस सेवा दोबारा शुरू करने की घोषणा की। इससे पहले उन्होंने स्थानीय ट्रांसपोर्टरों की समस्याएं भी सुनीं।

कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने काली माता मंदिर में जाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री धनी राम शांडिल, विधायक विनोद सुल्तानपुरी और हरदीप सिंह बावा मौजूद रहे। साथ ही बोर्ड-निगमों के अध्यक्ष, पंचायती राज प्रतिनिधि और सोलन के उपायुक्त मनमोहन शर्मा सहित कई गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News