हिमाचल प्रदेश के लडभड़ोल में दर्दनाक सड़क हादसा: गहरी खाई में गिरी कार, छह नौजवानों की मौत से पसरा मातम

Share

- Advertisement -

Mandi News: हिमाचल प्रदेश के लडभड़ोल बाजार से महज 500 मीटर की दूरी पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह नौजवानों की मौत हो गई। मंगलवार रात को हुई इस दुर्घटना की जानकारी करीब 15 घंटे बाद मिली, जिससे पूरे क्षेत्र में मातम और चीख-पुकार मच गई। हादसे में दो व्यापारियों के बच्चों समेत छह परिवारों के इकलौते चिराग बुझ गए हैं।

गहरी खाई में 15 घंटे तक पड़ी रही कार, किसी को नहीं लगी भनक

लडभड़ोल क्षेत्र में हुए इस भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। मरने वाले छह नौजवानों की पहचान यशराय, अनुज, आयुष, पंकज, आदित्य और अर्णव के रूप में हुई है। स्थानीय बाजार से मात्र 500 मीटर की दूरी पर हुई इस दुर्घटना की सूचना मिलते ही पूरा क्षेत्र चीख-पुकारों से गूंज उठा। जब इन छह नौजवानों के शवों को गहरी खाई से निकाला गया, तो स्वजन उनसे लिपटकर रोने लगे। कोई खाई में कूदने लगा तो कोई सदमे से बेहोश हो गया। पूरा माहौल गमगीन हो गया और लोग अस्पताल की तरफ दौड़ पड़े।

पढ़ाई और परिवार का सहारा थे ये युवा

हादसे में जान गंवाने वाले युवाओं के स्वजन के सारे सपने चकनाचूर हो गए हैं। यशराय तीन बहनों का और अनुज दो बहनों का इकलौता भाई था। उनकी बहनें रो-रोकर कह रही थीं कि अब वे राखी पर किसे धागा बांधेंगी।

मृतकों में यश नौवीं कक्षा में, जबकि अर्णव और पंकज जमा एक (11वीं) की पढ़ाई कर रहे थे। आयुष अपने पिता की सब्जी की दुकान में हाथ बंटाता था। उसके पिता सिमसा मंदिर के प्रधान रहे हैं और वह खुद भी मंदिरों के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेता था। आदित्य जमा दो की पढ़ाई पूरी कर चुका था और इन दिनों आर्मी भर्ती की तैयारी कर रहा था। सभी दोस्त आदित्य की बहन के घर गए थे, लेकिन वहां से कभी लौटकर नहीं आए। जिस कार से यह हादसा हुआ, वह यश के पिता की थी जिसे उन्होंने महज तीन महीने पहले ही खरीदा था।

सीसीटीवी फुटेज से चला हादसे का पता

इस पूरी घटना का सबसे दुर्भाग्यपूर्ण पहलू यह रहा कि कार मंगलवार रात को ही खाई में गिर गई थी, लेकिन करीब 15 घंटों तक इसकी किसी को भनक तक नहीं लगी। काफी देर तक जब बच्चों का कुछ पता नहीं चला, तो स्वजन उनकी तलाश करने लगे। आखिरकार सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने पर रात करीब 11 बजे कार खाई में गिरी हुई दिखाई दी, जिसके बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी मिली।

लडभड़ोल बाजार रहेगा बंद

इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। व्यापार मंडल के प्रधान सुरेंद्र सोनी ने जानकारी दी कि इस हृदयविदारक घटना से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है। हादसे में बाजार के दो व्यापारियों के बच्चे भी शामिल हैं। व्यापार मंडल ने निर्णय लिया है कि इस दुखद घड़ी में सभी पीड़ित परिवारों के प्रति एकजुटता दिखाते हुए लडभड़ोल बाजार आज दोपहर दो बजे के बाद बंद रखा जाएगा।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News