Shimla News: हिमाचल प्रदेश में सेब सीजन के दौरान मंडियों में अनियमितताओं पर कृषि उपज मंडी समिति ने सख्त रुख अपना लिया है। नियमों का उल्लंघन करने वाले बारह आढ़तियों के चालान काटे गए हैं। इनमें सोलन की मंडियों के सात और शिमला व किन्नौर की मंडियों के पांच आढ़ती शामिल हैं।
विपणन बोर्ड के निर्देश पर दोनों जिलों में टीमें सक्रिय
हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के प्रबंध निदेशक के निर्देश के बाद यह विशेष अभियान शुरू हुआ है। एपीएमसी सोलन और शिमला-किन्नौर की टीमें विभिन्न मंडियों में लगातार औचक निरीक्षण कर रही हैं। बोर्ड ने साफ कर दिया है कि तय नियमों की अवहेलना करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
आने वाले दिनों में जांच का दायरा और बढ़ने से कई अन्य आढ़तियों पर भी शिकंजा कस सकता है। विपणन बोर्ड ने आढ़तियों के साथ-साथ बागवानों से भी नियमों के पालन की अपील की है। सभी को मानकों के अनुसार व्यापार करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि सीजन सुचारू रूप से चल सके।
यूनिवर्सल कार्टन अनिवार्य, शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी
बोर्ड ने बागवानों को फल केवल यूनिवर्सल कार्टन में ही मंडियों में लाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सेब की ग्रेडिंग भी तय सरकारी मानकों के अनुसार करने को कहा गया है। किसी भी तरह की मनमानी या नियम उल्लंघन की शिकायत दर्ज कराने के लिए व्हाट्सएप नंबर 94591-72727 जारी किया गया है।