हिमाचल के 151 सीबीएसई स्कूलों में बंद होंगे सुरक्षा और प्लंबिंग कोर्स, शिक्षकों को मिलेगी नजदीकी स्कूलों में तैनाती

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई से जुड़े 151 सरकारी स्कूलों में सुरक्षा और प्लंबिंग के वोकेशनल कोर्स अगले शैक्षणिक सत्र से बंद हो सकते हैं। सीबीएसई इन दोनों विषयों को मान्यता नहीं देता है। इस कारण शिक्षा विभाग ने नियमों में बड़ा बदलाव करने का खाका तैयार किया है, जो सत्र 2027-28 से लागू होगा।

शिक्षकों की नौकरी बचाने के लिए विभाग ने तैयार किया नया विकल्प

वर्तमान शैक्षणिक सत्र में इन पाठ्यक्रमों में कोई फेरबदल नहीं होगा। कोर्स बंद होने की स्थिति में कार्यरत शिक्षकों की सेवाएं सुरक्षित रखना विभाग की पहली प्राथमिकता है। इसके समाधान के लिए विभाग ने इन वोकेशनल कोर्सों को सीबीएसई स्कूलों के पास स्थित अन्य सरकारी स्कूलों में शिफ्ट करने की योजना बनाई है, जहां शिक्षक भी भेजे जाएंगे।

शिक्षा सचिव राकेश कंवर की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में इस प्रस्ताव पर गहन मंथन हुआ। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने प्रस्ताव तैयार कर अंतिम मुहर के लिए प्रदेश सरकार को भेज दिया है। सरकार से औपचारिक मंजूरी मिलते ही संबंधित विषयों के स्थानांतरण और अध्यापकों की नई तैनाती पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

प्रदेश के 302 नए स्कूलों में शुरू होगी आधुनिक वोकेशनल शिक्षा

हिमाचल के स्कूलों में आईटी, हेल्थकेयर, टूरिज्म, एग्रीकल्चर, ऑटोमोबाइल और बैंकिंग जैसे कई महत्वपूर्ण वोकेशनल कोर्स चल रहे हैं। राज्य सरकार के आग्रह पर केंद्र सरकार ने हाल ही में प्रदेश के 302 नए स्कूलों में व्यवसायिक शिक्षा शुरू करने की हरी झंडी दी है, जिससे छात्रों को व्यावहारिक हुनर सीखने का बेहतर मौका मिलेगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News