हिमाचल के हमीरपुर में किराए के विवाद पर टैक्सी ड्राइवर और पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के भोरंज इलाके में किराए के मामूली विवाद में एक युवक ने टैक्सी ड्राइवर पर जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस टीम पर भी आरोपी ने हमला बोल दिया। इसमें एक पुलिस अधिकारी घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।

यह घटना मंगलवार तड़के करीब 4 बजे भोरंज थाना क्षेत्र के मनोह स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास घटी। आरोपी और टैक्सी ड्राइवर के बीच किराए के पैसों को लेकर बहस हुई थी। बात बढ़ने पर आरोपी ने चालक पर हमला कर दिया। सूचना मिलने पर भोरंज पुलिस की टीम फौरन मौके पर पहुंची।

पुलिस के साथ हाथापाई और आरोपी की गिरफ्तारी

पुलिस ने जब हिंसक हो चुके युवक को रोकने का प्रयास किया, तो आरोपी पुलिस दल से ही भिड़ गया। इस दौरान एक पुलिस अधिकारी को चोटें आईं। हालांकि इंस्पेक्टर प्रशांत की अगुवाई में पुलिस टीम ने बेकाबू आरोपी को तुरंत धर दबोचा। पीड़ित का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घायल टैक्सी चालक की पहचान मंडी जिले की बल्ह तहसील के गुटकर निवासी 48 वर्षीय दिनेश कुमार के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल दिनेश को मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में भर्ती कराया गया है। आरोपी की पहचान हमीरपुर के भोरंज क्षेत्र स्थित नुहाड़ा गांव निवासी प्रदीप राणा के रूप में हुई है।

एसपी बलबीर ठाकुर ने बताया कि पुलिस ड्यूटी में बाधा डालने और हमला करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है। भोरंज थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 121(1) और 132 के तहत केस दर्ज कर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News