Kullu News: हिमाचल प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद अब सात समुद्र पार अपनी पहचान बना रहा है। कुल्लू जिले के नग्गर में हिमाचली धाम और पारंपरिक सिड्डू पर एक विशेष वर्कशॉप का आयोजन हुआ। इस आयोजन के जरिए जापानी पर्यटकों को हिमाचल की समृद्ध खाद्य संस्कृति और खानपान से रूबरू कराया गया।
हिमालय ब्रदर होम स्टे चलाने वाली शेफ आकांक्षा ठाकुर ने इस इंटरनेशनल फूड वर्कशॉप की अगुवाई की। उन्होंने जापानी मेहमानों को हिमाचली व्यंजनों को पकाने के पारंपरिक तरीकों, इस्तेमाल होने वाली सामग्री और इनके सांस्कृतिक महत्व की विस्तार से जानकारी दी। यह उनके करियर का पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय आयोजन साबित हुआ।
इस वर्कशॉप में लगभग 35 जापानी प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। लंच और डिनर में मेहमानों को पारंपरिक हिमाचली धाम के खास व्यंजन परोसे गए। इनमें हिमाचली लाल चावल, जस्तू चावल, कद्दू का खट्टा, स्थानीय राजमा और मीठे चावल शामिल थे, जिन्हें सभी लोगों ने बेहद पसंद किया और तारीफ की।
वर्कशॉप के दौरान विशेष रूप से सिड्डू बनाने की विधि और हिमाचली परंपरा में इसके महत्व के बारे में बताया गया। जापानी मेहमानों ने हिमाचली व्यंजनों के अनोखे स्वाद और पकाने की तकनीकों की काफी सराहना की। उन्होंने हिमाचल की खाद्य संस्कृति को करीब से समझने में बहुत दिलचस्पी दिखाई।
यह सफल आयोजन शेफ आकांक्षा ठाकुर और पूरे कुल्लू जिले के लिए गर्व की बात रहा। पहली बार अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने प्रदेश के जायके को पेश करना एक यादगार अनुभव बना। जापानी प्रतिभागियों ने भविष्य में फिर से ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की इच्छा जताई और टीम को जापान आने का न्योता दिया।