मंडी के गोहर में सर्पदंश की दो अलग घटनाओं में मासूम बच्चे समेत दो लोगों की मौत, प्रशासन ने दी फौरी राहत

Share

- Advertisement -

Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला अंतर्गत गोहर उपमंडल में सांप के काटने से दो लोगों की जान चली गई। मृतकों में एक मासूम बच्चा और एक महिला शामिल हैं। बच्चे ने अस्पताल में दम तोड़ा, जबकि महिला की मौत एम्स बिलासपुर ले जाते समय रास्ते में हो गई। प्रशासन ने एक पीड़ित परिवार को फौरी राहत राशि जारी की है।

पहली दर्दनाक घटना छपराहण गांव में सामने आई। यहां लालमन के एक साल आठ महीने के बेटे आरुष को शुक्रवार की रात एक जहरीले सांप ने काट लिया था। परिजन तुरंत बच्चे को गंभीर हालत में मंडी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे गांव में गहरा शोक फैल गया है।

अस्पताल ले जाते समय महिला ने रास्ते में तोड़ा दम

दूसरी घटना बखाहरी महाल बाड़ा-14 क्षेत्र की है। यहां रहने वाले भोप सिंह की पत्नी चिंता देवी को 20 अगस्त के दिन सांप ने काटा था। परिजन उन्हें तुरंत इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक ले गए थे। वहां लगातार उनका उपचार चल रहा था, लेकिन दो दिन बाद भी महिला के स्वास्थ्य में कोई खास सुधार देखने को नहीं मिला।

हालत गंभीर देखते हुए 22 अगस्त को परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स बिलासपुर ले जाने लगे। दुर्भाग्य से अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। प्रशासन के अनुसार परिजनों को सर्पदंश से जुड़े नियमों और राहत प्रक्रिया की जानकारी नहीं थी, इसलिए शव का दोबारा पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज नेरचौक में नहीं कराया गया।

तहसील कानूनगो ने की पुष्टि, परिजनों को मिली आर्थिक सहायता

चच्योट के तहसील कानूनगो डोलम सिंह नेगी ने इन दोनों घटनाओं की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने मृतक बच्चे आरुष के शोकाकुल परिवार को तुरंत 25 हजार रुपये की राहत राशि प्रदान कर दी है। इसके साथ ही चिंता देवी के मामले में जरूरी कागजात मिलते ही आगे की नियमानुसार कार्रवाई पूरी की जाएगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News