Mandi News: मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत ने जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की समीक्षा बैठक में अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। करीब चार घंटे चली इस बैठक में उन्होंने ढुलमुल रवैये पर सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को राजस्व बढ़ाने और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना पर ध्यान देने की हिदायत दी।
कंगना ने अधिकारियों से कहा, “आप हाथ पर हाथ धरकर बैठे हैं। अगर सरकार आपके पास नहीं आ रही है, तो आप उनके पास जाइए। इसमें शर्माने की क्या बात है? One District One Product को आगे बढ़ाने से आपको कौन रोक रहा है?” उन्होंने अन्य राज्यों से सीख लेकर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की सलाह दी।
सांसद ने कहा कि हिमाचल में राजस्व सृजन बहुत कम है और बाद में मदद के लिए केंद्र के पास कटोरा लेकर जाया जाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विभागों ने समय पर काम पूरा नहीं किया, तो वे अधिकारियों की लापरवाही की रिपोर्ट बनाकर केंद्र सरकार को भेजेंगी। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों की कार्यशैली पर कड़े सवाल उठाए।
बैठक के बाद कंगना ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भुबू जोत सुरंग और पीएमजीएसवाई जैसी परियोजनाओं का श्रेय लेने के लिए कांग्रेस नेता शिलापट्ट लगा रहे हैं। उन्होंने तंज कसा कि क्रेडिट लेने वाले कांग्रेस विधायक दिशा की इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में शामिल तक नहीं हुए।
सांसद ने आरोप लगाया कि मंडी में 75 करोड़ रुपये की लागत वाली 11 सड़क परियोजनाओं में बेवजह रुकावटें पैदा की जा रही हैं। उन्होंने विकास कार्यों में अड़चन डालने वालों की कड़ी आलोचना की। सांसद ने साफ किया कि ढिलाई किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और केंद्र स्तर पर शिकायत दर्ज होगी।