मंडी और जोगेंद्रनगर में एसटीएफ और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घरों से चिट्टा तस्करी करते 6 आरोपी गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Mandi News: हिमाचल प्रदेश में चिट्टा तस्करों ने अब अपने घरों को ही तस्करी का ठिकाना बना लिया है। स्टेट टास्क फोर्स और पुलिस ने मंडी व जोगेंद्रनगर में अलग-अलग जगह दबिश देकर कुल 36.98 ग्राम चिट्टे के साथ कई आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहला मामला मंदलोग का है, जहां एसटीएफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 39 वर्षीय गुलाब सिंह उर्फ बंशू के घर पर छापेमारी की। आरोपी ने अपनी रसोई में खाद्य सामग्री के डिब्बे के अंदर 17 ग्राम चिट्टा छिपा रखा था। टीम ने मौके से एक डिजिटल वेइंग मशीन और इंजेक्शन सीरींज बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

दूसरा मामला जोगेंद्रनगर नगर परिषद क्षेत्र का है। वहां एक मकान में दबिश देकर 11.48 ग्राम चिट्टे के साथ गौरव, संदीप, विक्रम बख्शी और देशराज को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से जले हुए नोट, सीरींज और मोबाइल फोन बरामद किए। यह चारों आरोपी पहले से आपराधिक मामलों में शामिल थे और जमानत पर बाहर चल रहे थे।

तीसरे मामले में मंडी शहर के टारना रोड पर पुलिस ने एक पिकअप गाड़ी (HP 54B 8803) को रोककर चेकिंग की। चेकिंग के दौरान 8.8 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इस दौरान एक आरोपी भागने में सफल रहा, जबकि दूसरे आरोपी विक्रांत सिंह निवासी कांगड़ा को पकड़ लिया गया। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News