Washington News: अमेरिका में 3 नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनावों में भारतीय मूल के 57 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें ओहायो के गवर्नर पद के प्रत्याशी विवेक रामास्वामी और लॉस एंजिलिस मेयर पद की दावेदार नित्या रमन जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। इसके अलावा प्रतिनिधि सभा, सीनेट और राज्य विधानमंडलों की कई सीटों पर भी कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।
अमेरिका के मध्यावधि चुनावों में इस बार भारतीय-अमेरिकी समुदाय की व्यापक राजनीतिक भागीदारी देखने को मिल रही है। समाचार एजेंसी आईएएनएस के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार यानी 3 नवंबर को होने वाले मतदान में भारतीय मूल के कम से कम 57 उम्मीदवार विभिन्न प्रशासनिक और विधायी पदों के लिए मैदान में हैं। यह चुनाव रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक पार्टियों की पारंपरिक प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ अमेरिकी राजनीति में भारतीय मूल के नेताओं के बढ़ते प्रभाव का भी बड़ा परीक्षण माना जा रहा है।
सूचीबद्ध 57 प्रत्याशियों में से एक उम्मीदवार सीनेट, 11 प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स), तीन राज्यव्यापी पदों, 36 राज्य विधानमंडलों और छह स्थानीय प्रशासनिक पदों के लिए ताल ठोक रहे हैं। इस सूची में केवल उन्हीं उम्मीदवारों को शामिल किया गया है जिनकी भारतीय मूल की पहचान की पुष्टि हुई है। इसके अतिरिक्त करीब 15 अन्य संभावित प्रत्याशी भी चुनावी दौड़ में शामिल बताए जा रहे हैं।
गवर्नर और मेयर पद के बड़े मुकाबले
ओहायो के गवर्नर पद के चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के विवेक रामास्वामी का सीधा मुकाबला डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एमी एक्टन से है। इस मुकाबले पर पूरे देश के राजनीतिक विश्लेषकों की नजर है। वहीं, लॉस एंजिलिस में नगर परिषद सदस्य नित्या रमन मौजूदा मेयर करेन बास को कड़ी चुनौती दे रही हैं।
न्यूयॉर्क में रिपब्लिकन उम्मीदवार सरिता कोमाटिरेड्डी वर्तमान अटॉर्नी जनरल लेटिटिया जेम्स के खिलाफ मैदान में उतरी हैं। मैरीलैंड में डेमोक्रेटिक पार्टी से मौजूदा लेफ्टिनेंट गवर्नर अरुणा मिलर दोबारा जीत हासिल करने के प्रयास में हैं। मैसाचुसेट्स में शिवा अय्यादुरई निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर सीनेट के लिए डेमोक्रेटिक सीनेटर एड मार्की के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।
संसद और राज्य विधानसभाओं में समीकरण
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के चुनाव में चार मौजूदा डेमोक्रेटिक सांसद—रो खन्ना (कैलिफोर्निया), अमी बेरा (कैलिफोर्निया), प्रमिला जयपाल (वाशिंगटन) और सुहास सुब्रमण्यम (वर्जीनिया)—अपनी सीटों को बरकरार रखने के लिए चुनावी मैदान में हैं। कैलिफोर्निया के 17वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट में रो खन्ना का सीधा मुकाबला रिपब्लिकन पार्टी के रितेश टंडन से है, जिससे यहां दो भारतीय मूल के उम्मीदवारों के बीच रोचक चुनावी भिड़ंत देखने को मिल रही है।
राज्य विधानसभाओं के स्तर पर सबसे बड़ा समूह सक्रिय है, जहां 22 राज्यों में कुल 36 भारतीय मूल के उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें कैलिफोर्निया, इलिनॉय और न्यूयॉर्क राज्यों से सबसे अधिक प्रत्याशी मैदान में हैं। स्थानीय स्तर पर भी कई भारतीय-अमेरिकी नेता प्रशासनिक और न्यायिक पदों के लिए जोर आजमाइश कर रहे हैं।