World News: अमेरिका में हैलोवीन समारोहों और वीकेंड के दौरान देश के कई शहरों में हुई हिंसक गोलीबारी की घटनाओं ने उत्सव के माहौल को मातम में बदल दिया। कैलिफोर्निया, टेक्सास, अलबामा, डेलावेयर और फ्लोरिडा सहित विभिन्न राज्यों के नाइटलाइफ व भीड़भाड़ वाले इलाकों में हुई मास शूटिंग की घटनाओं में 24 से अधिक लोगों की मौत हो गई और करीब 100 लोग घायल हो गए।
अमेरिका में हैलोवीन वीकेंड के दौरान कानून-व्यवस्था चरमरा गई और देश के अलग-अलग हिस्सों में सिलसिलेवार गोलीबारी की घटनाएं सामने आईं। नाइटलाइफ जिलों, पार्टी स्थलों और विश्वविद्यालय परिसरों के आसपास हुई इन हिंसक वारदातों में 24 से अधिक लोगों की जान चली गई, जबकि लगभग 100 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां कई शहरों में मामलों की जांच और संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं।
टेक्सास के डलास में ‘डीप एलम’ स्थित लोकप्रिय नाइटलाइफ इलाके में महज 75 मिनट के अंतराल में तीन अलग-अलग जगहों पर गोलीबारी हुई। इस सनसनीखेज वारदात में कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार यह इलाका काफी फैला हुआ है और कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
कैलिफोर्निया और अलबामा में जानलेवा हमले
कैलिफोर्निया के फेयरफील्ड में सैन फ्रांसिस्को के निकट एक स्पिरिट हैलोवीन स्टोर पर अचानक हुई गोलीबारी में एक 31 वर्षीय गर्भवती महिला की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना के समय स्टोर में खरीदारी कर रहे लोगों के बीच भगदड़ मच गई।
वहीं अलबामा के बर्मिंघम में एक ऐतिहासिक फुटबॉल मैच के समापन के बाद लेजेंड फील्ड के बाहर अंधाधुंध गोलियां चलाई गईं। इस हमले में 1 व्यक्ति की मौत हो गई और 8 अन्य घायल हो गए। स्थानीय पुलिस ने मौके से एक 17 वर्षीय संदिग्ध को मॉडिफाइड हथियार के साथ गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
डेलावेयर और फ्लोरिडा में मास शूटिंग की घटनाएं
डेलावेयर राज्य में एक घंटे के भीतर मास शूटिंग की दो अलग-अलग घटनाएं दर्ज की गईं। पहली घटना एलडेल में आयोजित एक आउटडोर पार्टी के दौरान घटी, जहां गोली लगने से 17 वर्षीय किशोरी की जान चली गई। वहीं दूसरी घटना डेलावेयर यूनिवर्सिटी के पास मेन स्ट्रीट पर हुई, जिसमें 6 लोग गोली लगने से जख्मी हो गए।
फ्लोरिडा के जैक्सनविले में भी हैलोवीन पार्टियों के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर गोलीबारी हुई, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई और 11 लोग घायल हो गए।
5 साल की मासूम बच्ची को लगी गोली
हिंसा की यह लहर केवल सार्वजनिक पार्टियों तक ही सीमित नहीं रही। डेट्रॉइट में हैलोवीन के पारंपरिक ‘ट्रिक-ऑर-ट्रीट’ उत्सव के बाद घर के पिछले कमरे में खेल रही एक 5 वर्षीय मासूम बच्ची गोलीबारी की चपेट में आ गई। गोली बच्ची के सीने में लगी, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार इलाज के बाद बच्ची की हालत अब स्थिर बनी हुई है।