विमान हाईजैक करने का धमकी भरा मैसेज भेजना पड़ा भारी, लास वेगास में उतारा गया विमान, यात्री गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

World News: अमेरिका में यूनाइटेड एयरलाइंस के विमान में मोबाइल पर हाईजैक की धमकी भरा मैसेज भेजने के आरोप में 25 वर्षीय यात्री डांटे मिल्ने को गिरफ्तार किया गया है। मैसेज की सूचना मिलते ही उड़ान भरने के महज 15 मिनट बाद विमान को वापस लास वेगास हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा गया।

अमेरिका में विमान के भीतर मोबाइल फोन पर भेजे गए एक धमकी भरे संदेश ने सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर ला दिया। यूनाइटेड एयरलाइंस की लास वेगास से न्यूर्क जा रही उड़ान संख्या 1681 को बीच रास्ते से ही वापस लौटना पड़ा। इस मामले में पुलिस ने 25 वर्षीय यात्री डांटे मिल्ने को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आतंकवादी कृत्य से जुड़ी धमकी देने और इस संबंध में झूठी सूचना फैलाने का आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।

आपराधिक शिकायत के मुताबिक, शनिवार को उड़ान के दौरान एक विमान परिचारिका (फ्लाइट अटेंडेंट) ने डांटे मिल्ने को मोबाइल पर संदेश लिखते देख लिया था। संदेश में कथित तौर पर लिखा था, “मैं इस विमान को हाईजैक कर दूंगा और सिर्फ तुम्हारी पंक्ति को निशाना बनाकर इसे क्रैश कर दूंगा।”

उड़ान भरने के 15 मिनट बाद लास वेगास लौटा विमान

संदेश की गंभीरता को देखते हुए फ्लाइट अटेंडेंट ने तुरंत कैप्टन को इसकी सूचना दी। इसके बाद यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर विमान को तुरंत लास वेगास वापस ले जाने का निर्णय लिया गया। बोइंग 737 विमान में 150 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे। विमान ने हैरी रीड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी, लेकिन खतरे को भांपते हुए उड़ान भरने के लगभग 15 मिनट बाद ही रात 11 बजकर 5 मिनट पर इसे वापस लास वेगास में सुरक्षित उतार लिया गया।

हवाई अड्डे पर पहले से सतर्क पुलिस ने लैंडिंग के तुरंत बाद आरोपी मिल्ने को हिरासत में ले लिया। इस दौरान अन्य यात्रियों के सामने उससे कोई पूछताछ नहीं की गई। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर विमान की गहन सुरक्षा जांच की गई। इस घटना में किसी भी यात्री या क्रू सदस्य को चोट नहीं आई।

आरोपी ने बताया सहकर्मियों के बीच किया गया मजाक

पूछताछ के दौरान आरोपी मिल्ने ने स्वीकार किया कि उसने हवाई अड्डे के बार में शराब पी रखी थी। उसने बताया कि वह लास वेगास में तीन दिन के पानी के भीतर वेल्डिंग (अंडरवाटर वेल्डिंग) के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने आया था और काम खत्म कर घर लौट रहा था।

शुरुआत में उसने संदेश की बात स्पष्ट रूप से याद न होने का दावा किया, लेकिन हाईजैक से जुड़े शब्दों पर सख्ती से पूछे जाने पर उसने इसे सहकर्मियों के साथ किया गया एक मजाक बताया। मिल्ने ने अधिकारियों के सामने दावा किया कि उसका विमान पर कब्जा करने का कोई इरादा नहीं था और उसने मामले के इतना गंभीर रूप लेने पर अफसोस भी जताया।

10,000 डॉलर के मुचलके पर रिहाई, 5 जनवरी को अगली सुनवाई

डांटे मिल्ने पर आतंकवादी कृत्य से संबंधित धमकी देने और झूठी जानकारी प्रसारित करने का आरोप तय किया गया है। उसे क्लार्क काउंटी हिरासत केंद्र से 10,000 अमेरिकी डॉलर के मुचलके पर रिहा कर दिया गया है। अदालत में आरोपी के वकील जेम्स गैलो ने कहा कि मिल्ने अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार नहीं करेगा और खुद को निर्दोष बताते हुए कानूनी लड़ाई लड़ेगा। अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई 5 जनवरी तय की है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News