World News: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने दुबई-तेल अवीव उड़ान के दौरान कॉकपिट में हुए जानलेवा हमले को नाकाम कर 170 से अधिक यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार और फ्लाईदुबई के क्रू मेंबर्स को ‘फर्स्ट क्लास ऑर्डर ऑफ जायद 2’ पदक से सम्मानित किया है।
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की ओर से भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार और फ्लाईदुबई एयरलाइंस के चालक दल के सदस्यों को ‘फर्स्ट क्लास ऑर्डर ऑफ जायद 2’ से सम्मानित किया गया है। दुबई-तेल अवीव उड़ान के दौरान हवा में हुए अप्रत्याशित हमले को नाकाम कर सभी यात्रियों को सुरक्षित बचाने के लिए चालक दल को यह सर्वोच्च नागरिक सम्मान प्रदान किया गया।
दुबई सरकार के मीडिया कार्यालय द्वारा जारी बयान के मुताबिक, दुबई के क्राउन प्रिंस, उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने राष्ट्रपति की ओर से आयोजित विशेष स्वागत समारोह में चालक दल के सदस्यों को यह पदक सौंपे और उनके अदम्य साहस व कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
30 सितंबर को उड़ान FZ1073 में हुआ था कॉकपिट हमला
यह खौफनाक घटना 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की उड़ान संख्या FZ1073 में घटित हुई थी। बोइंग विमान 170 से अधिक यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लेकर दुबई से तेल अवीव जा रहा था। उड़ान के दौरान कॉकपिट में मौजूद ओमानी नागरिक सह-पायलट ने अचानक आपातकालीन कुल्हाड़ी (इमरजेंसी एक्स) से भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले की असली वजह अभी तक पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
हमले के दौरान विमान अनियंत्रित होकर तेजी से नीचे की ओर गोता लगाने लगा और महज 30 सेकंड से भी कम समय में लगभग 14,000 फीट नीचे आ गया।
खून से लथपथ कैप्टन ने खोला कॉकपिट का ताला
गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छार ने असाधारण सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। फर्श पर गिरे होने के बाद भी उन्होंने अपनी पूरी ताकत जुटाकर कॉकपिट का आंतरिक सुरक्षा लॉक खोल दिया। दरवाजा खुलते ही केबिन क्रू और अन्य यात्रियों ने तुरंत भीतर घुसकर सिरफिरे सह-पायलट को दबोच लिया।
विमान में यात्रा कर रहे फ्लाईदुबई के दो अन्य गैर-ड्यूटी पायलटों ने तुरंत नियंत्रण अपने हाथ में लिया और विमान को सऊदी अरब के ताबुक हवाई अड्डे पर सुरक्षित आपात लैंडिंग कराई।
हमलावर सह-पायलट हिरासत में, अस्पताल में हुआ कैप्टन का इलाज
लैंडिंग के तुरंत बाद सऊदी सुरक्षा एजेंसियों ने आरोपी ओमानी सह-पायलट को हिरासत में ले लिया। गंभीर रूप से जख्मी कैप्टन स्मित मच्छार को तत्काल ताबुक के स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद बेहतर चिकित्सा देखभाल के लिए उन्हें अबू धाबी स्थानांतरित किया गया।
समारोह के दौरान चालक दल ने इस सम्मान के लिए यूएई नेतृत्व का आभार जताया। ‘फर्स्ट क्लास ऑर्डर ऑफ जायद 2’ यूएई का एक प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान है, जो असाधारण बहादुरी, विशिष्ट सेवा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मानवीय जीवन की रक्षा करने वाले व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है।