Izmir News: तुर्किये के इज़मिर प्रांत स्थित हाबास इस्पात संयंत्र में सोमवार को भट्टी में क्रेन गिरने से जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद भीषण आग लग गई। इस औद्योगिक हादसे में 16 कर्मियों की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोगन ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए न्यायिक और प्रशासनिक जांच के आदेश दिए हैं।
तुर्किये के इज़मिर प्रांत के अलीआगा क्षेत्र में स्थित प्रमुख इस्पात संयंत्र हाबास में सोमवार को भीषण विस्फोट के बाद आग लगने से 16 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में 13 कर्मचारी घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से दो घायलों की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
मंत्रिमंडल की बैठक के बाद टेलीविजन पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए तुर्किये के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोगन ने इस घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि विस्फोट की न्यायिक और प्रशासनिक जांच शुरू कर दी गई है। राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया कि जांच में हादसे के सभी कारणों और परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा, ताकि यह तय हो सके कि इसमें किसकी लापरवाही थी और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।
बॉयलर बदलने के दौरान हुआ हादसा
इज़मिर के प्रांतीय गवर्नर सुलेमान एल्बान ने घटना के संबंध में आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि संयंत्र में बॉयलर बदलने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान एक क्रेन अनियंत्रित होकर सीधे भट्ठी में गिर गई, जिससे जोरदार विस्फोट हुआ और चारों ओर आग फैल गई। गवर्नर के अनुसार, मेंटेनेंस और बॉयलर बदलने के काम के कारण उत्पादन बंद था। यही वजह रही कि सामान्य दिनों में वहां मौजूद रहने वाले 300 श्रमिकों के स्थान पर हादसे के वक्त करीब 200 कर्मचारी ही कार्यस्थल पर मौजूद थे।
औद्योगिक सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
कंपनी के आधिकारिक विवरण के अनुसार, हाबास इस्पात संयंत्र की स्थापना 1987 में हुई थी और इसकी वार्षिक इस्पात उत्पादन क्षमता लगभग 45 लाख टन है। इस बड़े हादसे के बाद अब संयंत्र में औद्योगिक सुरक्षा उपायों और कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जांच एजेंसियां फिलहाल इस बात की पड़ताल में जुटी हैं कि बॉयलर बदलने के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं और क्रेन के भट्ठी में गिरने के तकनीकी या मानवीय कारण क्या थे। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों की जवाबदेही तय की जाएगी।