Bangkok News: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के पास एक हाई स्कूल में छात्र ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस दर्दनाक हादसे में 3 शिक्षकों और 3 विद्यार्थियों की मौत हो गई। वहीं 15 अन्य लोग घायल हो गए। आपातकालीन सेवाओं और पुलिस बल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
नोनथाबुरी के प्रसिद्ध देबसिरिन स्कूल में हुई यह घटना
रॉयल थाई पुलिस के प्रवक्ता त्रैरोंग पिवपन ने बताया कि यह वारदात नोंथाबुरी प्रांत के देबसिरिन नोंथाबुरी स्कूल में हुई। हमलावर छात्र की हालत गंभीर है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घायलों में से दो लोगों की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस फिलहाल इस गोलीबारी के मुख्य कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि हथियार छात्र के परिवार के किसी सदस्य का था। प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया और अधिकारियों को निर्देश दिए।
घटना स्थल के बाहर से आई तस्वीरों में लोग एक-दूसरे को ढांढस बंधाते हुए नजर आए। उसी समय पुलिस और बचाव दल परिसर के अंदर जांच कर रहे थे। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि दूसरे भवन में गोलियों की आवाज सुनकर छात्र कक्षा में छिप गए थे जिन्हें पुलिस ने सुरक्षित निकाला।
थाईलैंड में पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं
थाईलैंड में बंदूक हिंसा के मामले पहले भी आ चुके हैं। इस साल फरवरी में दक्षिणी थाईलैंड के एक स्कूल में 17 साल के लड़के ने पुलिस की बंदूक चुराकर लोगों को बंधक बनाया था जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई थी। इसके अलावा 2023 में 14 वर्षीय लड़के ने शॉपिंग मॉल में गोलीबारी की थी।