International News: अटलांटिक महासागर में बन रहा मौसमी सिस्टम रविवार को अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना और सोमवार रात या मंगलवार तक कनाडा के नोवा स्कोटिया तट से टकरा सकता है। एक्यूवेदर के अनुसार, इसके प्रभाव से 18 घंटे तक भारी बारिश और 145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
अटलांटिक महासागर से उठ रहा एक मौसमी सिस्टम आने वाले घंटों में अमेरिका और कनाडा के तटीय इलाकों के लिए बड़ी चुनौती बनने जा रहा है। मौसम एजेंसी एक्यूवेदर के वैज्ञानिकों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह बहामास के उत्तरी सिरे और मध्य फ्लोरिडा के अटलांटिक तट के पूर्व में यह सिस्टम तैयार हुआ है। यदि हवा का दबाव और मजबूत होता है, तो इसे आधिकारिक तौर पर ‘काइल’ (Kyle) नाम दिया जाएगा।
मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि इस सिस्टम के कारण 18 घंटों तक मूसलाधार बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में 20 इंच तक बारिश होने की आशंका है, जिससे निचले हिस्सों में कमर से गले तक पानी भरने और जल निकासी व्यवस्था ठप होने का खतरा है। भारी बारिश और तेज हवाओं से खेतों में खड़ी फसलों को भी भारी नुकसान पहुंच सकता है।
किन राज्यों में दिखेगा तेज हवाओं का असर
अनुमान के मुताबिक, यह तूफान घुमावदार रास्ते से समुद्र के किनारे उत्तर दिशा की ओर बढ़ेगा और रविवार को अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना तथा सोमवार रात या मंगलवार तक कनाडा के नोवा स्कोटिया तट से टकरा सकता है। एक्यूवेदर ने इसे ‘ट्रॉपिकल विंड और रेनस्टॉर्म’ बताते हुए ‘रियलइंपैक्ट स्केल’ पर स्तर 1 पर रखा है। यह पैमाना हवा की गति के साथ-साथ बाढ़, समुद्री लहरों और भूमि कटाव से होने वाले नुकसान का आकलन करता है।
इस सप्ताहांत अमेरिका के दक्षिण-पूर्वी राज्यों में मौसम सबसे अधिक प्रभावित रहेगा। साउथ कैरोलिना के तटीय क्षेत्रों में 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है, जिसका असर मध्य नॉर्थ कैरोलिना, दक्षिण-पूर्वी वर्जीनिया, डेलमार्वा और न्यू जर्सी के तटों तक दिखेगा। नॉर्थ कैरोलिना के ‘आउटर बैंक्स’ इलाके में हवा की गति 129 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
रविवार से सोमवार के बीच लॉन्ग आइलैंड और न्यू इंग्लैंड में तथा अगले सप्ताह की शुरुआत में कनाडा के नोवा स्कोटिया और न्यूफाउंडलैंड में 40 से 60 मील प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। केप कॉड, नांटकेट और मार्थाज वाइनयार्ड जैसे इलाकों में हवा के झोंके 145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकते हैं, जिससे कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंचने का खतरा है।
फ्लोरिडा में जलभराव और तटों पर ऊंची लहरों की चेतावनी
तूफान के पहुंचने से पहले ही अमेरिका के फ्लोरिडा प्रायद्वीप और फ्लोरिडा कीज के बड़े हिस्से में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। जल निकासी व्यवस्था ठप होने से सड़कों और घरों में पानी भर गया है और स्कूल बंद करने पड़े हैं। फोर्ट लॉडरडेल के आसपास 24 घंटे से कम समय में करीब 10 इंच बारिश दर्ज की गई है, जबकि कई इलाकों में इस सप्ताह 10 से 18 इंच तक पानी बरसा है। इससे कोकोआ के पास सेंट जॉन्स नदी में रिकॉर्ड बाढ़ आ गई है।
नए तूफान के चलते अटलांटिक तट पर 1 से 3 फीट और कुछ स्थानों पर 5 फीट तक ऊंची समुद्री लहरें उठने की चेतावनी जारी की गई है। एक्यूवेदर के वरिष्ठ वैज्ञानिक एलन रेपर्ट ने आगाह किया है कि नॉर्थ कैरोलिना के आउटर बैंक्स में पहले ही भूमि कटाव हो चुका है। हैटरस आइलैंड पर हाईवे-12 का करीब 1,600 फीट हिस्सा पिछले दो महीनों के तूफानों में दो बार बह चुका है और रेत के बैग लगाने के बावजूद इसके फिर से बहने का गंभीर खतरा बना हुआ है।