अहमदाबाद कॉन्सर्ट से पहले दिलजीत दोसांझ के चार गानों पर आपत्ति, प्रोफेसर ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

Share

- Advertisement -

Ahmedabad News: पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के अहमदाबाद कॉन्सर्ट से पहले उनके चार गानों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। चंडीगढ़ के एक एसोसिएट प्रोफेसर ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस से शिकायत कर इन गानों को शो में न गाने की मांग की है। शिकायत में इन गीतों के माध्यम से शराब, नशे और हथियारों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया है।

पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ अपने ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ के तहत अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में प्रस्तुति देने वाले हैं। इस कॉन्सर्ट से पहले चंडीगढ़ के एक सरकारी कॉलेज में एसोसिएट प्रोफेसर और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. पंडितराव धरेनवर ने उनके चार गानों पर आपत्ति जताते हुए स्थानीय प्रशासन को लिखित शिकायत दी है।

प्रोफेसर डॉ. पंडितराव ने पहले अहमदाबाद की जिला बाल संरक्षण इकाई (डीसीपीयू) को शिकायत सौंपी थी। इसके बाद अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर कार्यालय के माध्यम से यह मामला मोटेरा पुलिस थाने पहुंचा। पुलिस ने शिकायतकर्ता का बयान दर्ज कर लिया है, हालांकि इस मामले में अभी तक कोई प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज नहीं की गई है।

‘पटियाला पेग’ और ‘5 तारा’ जैसे गानों पर उठाए सवाल

शिकायतकर्ता ने दिलजीत दोसांझ के जिन गानों पर आपत्ति जताई है, उनमें ‘पटियाला पेग’ और ‘5 तारा’ शामिल हैं। डॉ. पंडितराव का आरोप है कि इन गानों के जरिए शराब पीने, नशे और हथियारों के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलता है। इसके साथ ही उन्होंने धार्मिक भावनाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पगड़ी पहनकर इस तरह के गीत गाना उचित नहीं है।

हाई कोर्ट के निर्देश का हवाला और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

अपनी शिकायत के समर्थन में डॉ. पंडितराव ने जुलाई 2019 में पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट द्वारा दिए गए एक निर्देश का हवाला दिया है। इस निर्देश में सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान शराब, नशे और हिंसा को बढ़ावा देने वाले गानों पर कार्रवाई की बात कही गई थी।

प्रोफेसर की मांग है कि इन पाबंदियों को गुजरात में भी लागू किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि दिलजीत अहमदाबाद के कॉन्सर्ट में ये गाने गाते हैं और प्रशासन उन्हें रोकने के लिए कदम नहीं उठाता, तो वह इस मामले को गुजरात हाई कोर्ट तक ले जाएंगे।

इंदौर कॉन्सर्ट में भी हुआ था विवाद, अहमदाबाद में सुरक्षा कड़ी

इससे पहले 15 नवंबर को मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पूर्व भी इसी तरह की शिकायत सामने आई थी। उस समय प्रशासनिक अधिकारियों ने आयोजकों को विवादित गानों को शो की सूची से हटाने का निर्देश दिया था।

विवादों के बीच अहमदाबाद में होने वाले कॉन्सर्ट के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नरेंद्र मोदी स्टेडियम और उसके आसपास 1,300 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा बम निरोधक दस्ते भी तैनात किए गए हैं और भीड़ पर निगरानी रखने के लिए ड्रोन की मदद ली जाएगी।

Read more

Related News