कश्मीर घाटी में अब एक भी स्थानीय युवा आतंकवाद में शामिल नहीं: अमित शाह

Share

- Advertisement -

Itanagar News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार, 21 नवंबर को अरुणाचल प्रदेश के बंदरदेवा में कहा कि वर्ष 2019 में अनुच्छेद-370 हटाए जाने के बाद कश्मीरी युवाओं में अलगाववाद की भावना समाप्त हो गई है। उन्होंने दावा किया कि 35 वर्षों की हिंसा के बाद अब कश्मीर घाटी का एक भी स्थानीय युवा आतंकवाद में शामिल नहीं है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार, 21 नवंबर को कहा कि वर्ष 2019 में जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद-370 को निरस्त किए जाने के बाद घाटी के हालात में बड़ा बदलाव आया है। ईटानगर के पास बंदरदेवा स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (पीटीसी) में आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 35 वर्षों से अधिक समय तक चली हिंसा और अशांति के बाद अब कश्मीर घाटी का एक भी स्थानीय युवा आतंकवाद में शामिल नहीं है। इस कार्यक्रम के दौरान अरुणाचल प्रदेश पुलिस को ‘राष्ट्रपति पुलिस ध्वज’ प्रदान किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, “गत 35 साल से अधिक समय तक चली हिंसा के बाद, अब कश्मीर घाटी का एक भी स्थानीय युवा आतंकवाद में शामिल नहीं है।” उन्होंने 1990 के दशक के कठिन दौर का जिक्र करते हुए विपक्षी दलों की पूर्व की आलोचनाओं का जवाब दिया। गृह मंत्री ने कहा कि विपक्ष का दावा था कि अनुच्छेद-370 का आतंकवाद से कोई संबंध नहीं है, लेकिन घाटी में आए सकारात्मक बदलावों ने इसके विपरीत सच्चाई साबित कर दी है।

अलगाववाद की जगह शांति और विकास की उम्मीद

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि कश्मीर में यह परिवर्तन केवल आतंकवादियों के खात्मे से नहीं, बल्कि युवाओं के बीच व्याप्त भेदभाव और अलगाव के माहौल को समाप्त करने से संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों ने क्षेत्र में स्थायी शांति की संभावनाओं को मजबूत किया है। शाह ने इस बदलाव को सुरक्षाबलों और खुफिया एजेंसियों के बलिदान एवं समर्पण का परिणाम बताया।

1990 के दशक की परिस्थितियों का किया उल्लेख

1990 के दशक की परिस्थितियों को याद करते हुए अमित शाह ने कहा कि उस समय आतंकवाद चरम पर था। उन्होंने कहा, “राज्य के मुख्यमंत्री भी इंग्लैंड चले गए थे, जबकि सुरक्षाबलों ने अपने साहस और बलिदान के जरिए यह सुनिश्चित किया कि घाटी देश के बाकी हिस्सों से जुड़ी रहे।”

गृह मंत्री ने आगे कहा, “आज, परशुराम जी की इस पवित्र भूमि से, मैं पूरे देश को गर्व के साथ बताना चाहता हूं कि अनुच्छेद-370 को हटाए जाने से कश्मीर के युवाओं के बीच अलगाव की भावना खत्म हो गई है। यह इस तथ्य से साबित होता है कि आज कश्मीर घाटी में एक भी कश्मीरी युवा आतंकवाद में शामिल नहीं है।” उन्होंने विश्वास जताया कि घाटी की युवा पीढ़ी की सोच में आया यह बदलाव आने वाले वर्षों में स्थायी शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगा।

Read more

Related News