Peru News: दक्षिणी पेरू के मशहूर पुरातात्विक स्थल ‘नाज्का लाइन्स’ में शनिवार को एक छोटा पर्यटक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार सभी 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पेरू के परिवहन और संचार मंत्रालय के अनुसार, मृतकों में जर्मनी, इटली और स्पेन के 11 पर्यटक और 2 पायलट शामिल हैं।
यह दुर्घटना नाज्का शहर से करीब 6 किलोमीटर दूर सोकोस इलाके में हुई। दुर्घटनाग्रस्त विमान एयरोडियाना एयरलाइन का सेसना कारवां सी-208 था, जिसने दोपहर 12:10 बजे पिस्को हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। उड़ान के कुछ ही समय बाद यह हादसा हुआ, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
आपातकालीन संदेश के बाद टूट गया था संपर्क
दोपहर लगभग 1:00 बजे चालक दल ने कंट्रोल टॉवर को आपात स्थिति की सूचना दी थी, जिसके तुरंत बाद संपर्क टूट गया। क्रैश होते ही विमान में भीषण आग लग गई, जिससे बचाव कार्य बेहद कठिन हो गया। दमकल कर्मियों और पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और शुरुआती जांच शुरू की।
हादसे के समय क्षेत्र में तेज हवाएं चल रही थीं और धूल के कारण दृश्यता काफी कम थी। पेरू सरकार ने दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए हैं। नाज्का लाइन्स पेरू का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां हर साल एक लाख पर्यटक विमानों से विशाल आकृतियों को देखने आते हैं।