Sports News: पाकिस्तान क्रिकेट में एक बार फिर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इंग्लैंड दौरे पर मौजूद पाकिस्तानी टीम पर मैच फिक्सिंग और अनुशासनहीनता के गंभीर आरोप लगे हैं। मीडिया में चल रही इन खबरों के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने तुरंत एक आंतरिक जांच शुरू कर दी है।
पीसीबी के मीडिया निदेशक हामिद मीर ने कहा कि अनुशासन और खिलाड़ियों के व्यवहार को लेकर आ रही खबरों के बाद औपचारिक समीक्षा शुरू की गई है। बोर्ड अपनी तय मानक प्रक्रिया के अनुसार मामले की जांच कर रहा है। हालांकि पीसीबी ने किसी खास खिलाड़ी का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया है।
खिलाड़ियों के फोन जब्त, लॉर्ड्स का विवाद फिर ताजा
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, जांच के दायरे में आए पाकिस्तानी खिलाड़ियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं। ये फोन अब दौरे के आखिरी टेस्ट मैच के बाद ही लौटाए जाएंगे। लगातार दो टेस्ट मैच बुरी तरह हारने के बाद टीम मैनेजमेंट ने सात खिलाड़ियों को अचानक बाहर का रास्ता दिखा दिया था।
हटाए गए खिलाड़ियों की जगह पांच ऐसे युवा क्रिकेटरों को शामिल किया गया है, जिन्होंने पहले कभी इंटरनेशनल स्तर पर कोई सीनियर मैच नहीं खेला। यह पूरा विवाद ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान से ही शुरू हुआ है। साल 2010 में भी इसी मैदान पर सलमान बट और मोहम्मद आमिर जैसे खिलाड़ी स्पॉट फिक्सिंग में पकड़े गए थे।