एनवीडिया के अगले सीईओ की रेस में तीन भारतवंशी आगे, जेनसन हुआंग पर नया विवाद और अमेरिकी मंत्री पर भी संकट

Share

- Advertisement -

Washington News: दुनिया की प्रमुख एआई चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया (Nvidia) के संस्थापक जेनसन हुआंग के पद छोड़ने के बाद नए सीईओ की तलाश तेज हो गई है। इस दौड़ में तीन प्रमुख भारतीय-अमेरिकी टेक दिग्गजों—संजय मेहरोत्रा, निकेश अरोड़ा और थॉमस कुरियन के नाम आगे बताए जा रहे हैं। दूसरी ओर, जेनसन हुआंग से जुड़ा एक और कथित विवाहेतर संबंध सामने आया है, जबकि इस पूरे प्रकरण की आंच अब अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हावर्ड लुटनिक की कुर्सी तक पहुंचती दिख रही है।

अमेरिकी मीडिया संस्थान एक्सियोस की रिपोर्ट के अनुसार, एनवीडिया के शीर्ष पद की रेस में माइक्रोन के सीईओ संजय मेहरोत्रा, पालो ऑल्टो नेटवर्क्स के प्रमुख निकेश अरोड़ा और गूगल क्लाउड के सीईओ थॉमस कुरियन शामिल हैं। संजय मेहरोत्रा मेमोरी चिप उद्योग का बड़ा नाम हैं और सैनडिस्क के सह-संस्थापक भी रह चुके हैं। निकेश अरोड़ा इससे पहले गूगल और सॉफ्टबैंक में महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं, जबकि थॉमस कुरियन को क्लाउड कंप्यूटिंग और एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर क्षेत्र का लंबा अनुभव है।

वर्तमान में गूगल के सुंदर पिचाई और माइक्रोसॉफ्ट के सत्या नडेला सहित कई भारतवंशी प्रमुख अमेरिकी टेक कंपनियों का नेतृत्व कर रहे हैं। इस बीच, एनवीडिया ने अपनी मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ नियुक्त किया है। फाइनेंशियल टाइम्स के हवाले से रॉयटर्स ने बताया कि कंपनी ने आर्म होल्डिंग्स के सीईओ रेने हास से भी यह जिम्मेदारी संभालने का आग्रह किया है।

जेनसन हुआंग पर तीसरा कथित मामला आया सामने

कंपनी प्रमुख का पद छोड़ने के बाद भी जेनसन हुआंग की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं। रॉयटर्स ने दो सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि हुआंग का कंपनी की एक अन्य महिला कर्मचारी के साथ भी आत्मीय संबंध था। हालांकि, एजेंसी ने उस महिला की पहचान और पद को उजागर नहीं किया है।

इससे पहले हुआंग के नाम चीनी जासूस होने के संदेह के घेरे में आई कारोबारी एलिस हुआंग और एनवीडिया के हेल्थकेयर विभाग की उपाध्यक्ष किंबर्ली पावेल के साथ संबंधों को लेकर भी चर्चा में आ चुके हैं।

अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हावर्ड लुटनिक की कुर्सी पर संकट

एनवीडिया से जुड़े इस विवाद का असर अब अमेरिकी सरकार की चिप निर्यात नीति पर भी पड़ रहा है। अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हावर्ड लुटनिक पर चीन को उन्नत एआई चिप के निर्यात से जुड़े मामलों में ढिलाई बरतने के आरोप लग रहे हैं। रॉयटर्स के मुताबिक, व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारी उन्हें पद से हटाने के विकल्प पर भी विचार कर रहे हैं, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने एक साक्षात्कार में कहा कि वित्त मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, यूएसटीआर और विदेश मंत्रालय सहित चार विभाग ‘मेगास्पीड’ को काली सूची में डालने के पक्ष में थे, लेकिन इस पर अंतिम निर्णय लेने का अधिकार वाणिज्य मंत्रालय के पास था। अमेरिकी सांसदों ने भी चीन तक उन्नत एआई चिप पहुंचने की आशंका जताते हुए निर्यात नियमों को और सख्त करने की मांग की है।

एलिस हुआंग पर एफबीआई की जांच जारी

जेनसन हुआंग के कथित संबंधों में शामिल एलिस हुआंग को लेकर अमेरिका में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी बहस तेज हो गई है। अमेरिकी न्याय विभाग के अटॉर्नी जनरल टोड ब्लांच ने स्पष्ट किया है कि विभाग अभी इस अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा है कि एलिस चीनी जासूस हैं या नहीं। उनके अनुसार, एफबीआई उन रिपोर्टों की जांच कर रही है जिनमें एलिस के चीन सरकार के लिए काम करने का दावा किया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी एक साक्षात्कार में कहा कि एलिस को जासूस मानने पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News