Rasuwa News: नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ और लैंडस्लाइड के कारण भारी तबाही मची है। इस प्राकृतिक आपदा में 17 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 384 से अधिक लोग लापता हैं। बाढ़ से नुवाकोट को चीन सीमा से जोड़ने वाला प्रमुख व्यापारिक राजमार्ग और कई पुल बह गए हैं।
बेट्रावती से रसुवागढ़ी बॉर्डर तक 42 किलोमीटर सड़क तबाह
सड़क विभाग के अनुसार भोटेकोशी नदी में आए उफान ने नुवाकोट के बेट्रावती को रसुवागढ़ी बॉर्डर क्रॉसिंग से जोड़ने वाली 42 किलोमीटर लंबी सड़क को बहा दिया है। विभाग के डिप्टी डायरेक्टर जनरल शुभराज नेउपाने ने बताया कि पानी के तेज बहाव से कंक्रीट के पुल बह गए और मार्ग पूरी तरह कट गया।
चीन की मदद से बन रहा टू-लेन हाईवे बहा
अधिकारियों के अनुसार स्याफ्रुबेसी से सीमा की ओर जाने वाले 16 किलोमीटर हिस्से में नुकसान का आकलन अभी चल रहा है। पिछले साल ल्हेंडे नदी की बाढ़ में मितरी पुल टूटने के बाद चीन की मदद से इसे टू-लेन बनाया जा रहा था। बाढ़ ने इस नए निर्माणाधीन हिस्से को भी पूरी तरह नष्ट कर दिया है।
सड़क विभाग के अनुसार भोटेकोशी नदी के किनारे स्थित इस मार्ग पर बार-बार प्राकृतिक आपदाओं का असर पड़ता है। डिप्टी डायरेक्टर जनरल ने बताया कि स्याफ्रुबेसी और बॉर्डर के बीच फील्ड में तैनात सड़क सुपरवाइजरों से विभाग का संपर्क पूरी तरह टूट गया है। बचाव एजेंसियां लगातार जमीनी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।