Dhading News: नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बीच हैरान करने वाली घटना सामने आई है। त्रिशूली नदी किनारे बहकर आई एक बैंक की सेफ से स्थानीय लोगों ने पैसे लूट लिए। पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए 29 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 9,268,505 रुपये की भारी नकदी बरामद कर ली है।
यह मामला धाडिंग जिले का है। रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी की बाढ़ में बहकर आई यह तिजोरी धाडिंग की गल्छी ग्रामीण नगरपालिका के बेलखुखोला के पास 26 अगस्त 2026 को मिली थी। इसके बाद 28 अगस्त को स्थानीय लोगों द्वारा तिजोरी तोड़कर कैश निकालने की पक्की खबर पुलिस को मिली थी।
पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन और बरामद की भारी नकदी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस ने गल्छी, सिद्धालेख, चितवन और परसा के रहने वाले 19 से 49 साल के 29 संदिग्धों को कस्टडी में लिया। तलाशी के दौरान करीब 92.7 लाख रुपये रिकवर हुए। पुलिस अब मामले के बाकी संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
आपदा से हाहाकार के बीच गहराया तबाही का संकट
नेपाल में प्राकृतिक आपदा से हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। ताजा सरकारी आंकड़ों के मुताबिक इस भीषण बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 675 हो चुकी है। इसके अलावा 517 विदेशी नागरिकों समेत कुल 2,400 लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश में रेस्क्यू टीमें लगातार जुटी हुई हैं।