Moscow News: रूस की राजधानी मॉस्को के मध्य इलाके में स्थित एक आलीशान रेस्टोरेंट में शनिवार शाम को जोरदार धमाका हुआ। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य लोग घायल हुए हैं। विस्फोट के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा बलों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया।
पुलिस के अनुसार यह घटना शनिवार रात करीब 8:00 बजे घटी। धमाका मॉस्को के कुद्रिंस्काया स्क्वायर स्थित एक ऐतिहासिक इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर बने रेस्टोरेंट की समर टैरेस के पास हुआ। सभी घायलों की स्थिति बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
निजी कार्यक्रम के दौरान हुआ हादसा, जांच जारी
यह विस्फोट ‘बाल्ज़ी रॉसी’ नाम के एक प्रसिद्ध इटैलियन रेस्टोरेंट में हुआ। आधिकारिक जानकारी के अनुसार शनिवार को यह स्थान एक प्राइवेट इवेंट के लिए बुक था और आम जनता के लिए बंद था। घटना की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाएं और राहत दल मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया गया।
शुरुआती रिपोर्टों में आशंका जताई जा रही है कि धमाका गैस सिलेंडर फटने की वजह से हुआ होगा, हालांकि आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। भारी हथियारों से लैस सुरक्षाकर्मियों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच कर रही हैं ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।