Riyadh News: पूर्वी सऊदी अरब में स्थित किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार देर रात भीषण हमला हुआ। इस घटना में एक स्थानीय निवासी की जान चली गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। हमले के कारण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के परिसर को नुकसान पहुंचा और कई उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा।
फ्लाइट ट्रैकिंग सर्विस फ्लाइटराडार24 के मुताबिक, रात भर उड़ानों के मार्ग में बड़ा बदलाव देखा गया। दम्माम स्थित यह हवाई अड्डा फारस की खाड़ी के पास स्थित है। इस संवेदनशील इलाके को पहले भी मिसाइल और प्रोजेक्टाइल हमलों से निशाना बनाया जा चुका है, जिससे हवाई सेवाओं पर व्यापक असर पड़ा।
सऊदी गठबंधन ने पूर्वी क्षेत्र में चार ड्रोन मार गिराए
सऊदी सैन्य गठबंधन ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि उसने देश के पूर्वी हिस्से में चार खतरनाक ड्रोनों को हवा में ही मार गिराया। सुरक्षा बलों ने कई हमलों को नाकाम कर दिया। हालांकि, ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों की ओर से इस ताज़ा घटनाक्रम पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
हवाई अड्डे पर हुए हमले से कुछ देर पहले ही अरामको के शयबा तेल क्षेत्र में भी भारी नुकसान दर्ज किया गया। हवा में नष्ट किए गए एक ड्रोन का मलबा गिरने से वहां दो विदेशी कामगारों की मौत हो गई। मारे गए लोगों में नेपाल और फिलीपींस के नागरिक शामिल बताए गए हैं।
अरामको ऑयल फील्ड पर गिरा मलबा, भारतीय नागरिक घायल
सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, शयबा तेल क्षेत्र में हुए हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में एक भारतीय और एक पाकिस्तानी नागरिक शामिल है। ड्रोन का जलता हुआ मलबा गिरने से वहां मौजूद ठेकेदार के एक वाहन में अचानक भीषण आग भी लग गई थी।
सऊदी अरब के पूर्वी प्रांत में अरामको के तेल ठिकानों और जहाजों पर लगातार हमलों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इससे पहले एक प्रशासनिक भवन में भी आगजनी की घटना सामने आई थी। लगातार हो रहे इन ड्रोन हमलों से देश के अहम हवाई अड्डों और तेल सप्लाई नेटवर्क पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है।