Milan News: इटली के मिलान शहर में भीषण आगजनी, लूटपाट और हिंसक प्रदर्शनों के बाद सरकार ने कड़े कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई के लिए नए सुरक्षा नियमों को अपनी मंजूरी दे दी है। इस हिंसा में भारी संपत्ति का नुकसान हुआ है।
उपद्रवियों को 5 साल जेल और माता-पिता से नुकसान की वसूली
नए नियमों के तहत हिंसा में शामिल लोगों को पांच साल तक की जेल और बीस हजार यूरो तक का जुर्माना हो सकता है। नाबालिगों द्वारा किए गए नुकसान की भरपाई उनके माता-पिता से करवाई जाएगी। चौदह वर्ष से अधिक उम्र के किशोरों पर मुकदमा चलाने की प्रक्रिया भी अब आसान होगी।
शनिवार को मिलान में प्रदर्शनकारियों ने जमकर उत्पात मचाया, दुकानों को लूटा और पुलिस पर हमले किए। इससे करीब दस लाख यूरो का नुकसान हुआ। प्रधानमंत्री मेलोनी ने साफ किया कि कम उम्र की आड़ में किसी को भी कानून से खिलवाड़ करने की छूट नहीं दी जाएगी।
शहर में 500 सैनिक तैनात होंगे, एआई से नकाबपोशों की पहचान
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के लिए सरकार साल के अंत तक मिलान में पांच सौ अतिरिक्त सैनिक तैनात करेगी। नकाब या हुड पहनकर पहचान छिपाने वाले दंगाइयों को पकड़ने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और बायोमेट्रिक तकनीक का सहारा लिया जाएगा। पुलिस सभी संदिग्धों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करेगी।
प्रधानमंत्री ने हिंसा में कम उम्र के युवाओं की बढ़ती मौजूदगी पर गहरी चिंता जताई है। कुछ युवा सोशल मीडिया पर वीडियो देखकर तोड़फोड़ और वीडियो बनाने के मकसद से पहुंचे थे। इटली में नुकसान वसूली के इन कड़े नियमों की तुलना उत्तर प्रदेश में अपनाए गए मॉडलों से हो रही है।
