New Delhi News: भारतीय नौसेना और वायुसेना ने अरब सागर में संयुक्त अभियान चलाकर समुद्री लुटेरों के चंगुल से मछली पकड़ने वाले जहाज ‘अजिनी’ के 20 ईरानी नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला है। इस सफल बचाव अभियान के बाद ईरान ने भारत का आभार व्यक्त करते हुए दोनों देशों की मित्रता और सहयोग की सराहना की है।
भारतीय नौसेना ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र में एक बार फिर अपनी मुस्तैदी और मानवीय सहायता की मिसाल पेश की है। अरब सागर में समुद्री लुटेरों के खतरे में फंसे ईरानी मछली पकड़ने वाले जहाज ‘अजिनी’ को बचाने के लिए भारतीय सुरक्षा बलों ने बड़ा अभियान चलाया। 48 घंटे तक चले इस जटिल ऑपरेशन में जहाज पर सवार सभी 20 ईरानी नागरिकों को सुरक्षित निकाल लिया गया। इस सफल अभियान के बाद ईरान ने खुले तौर पर भारत सरकार और सुरक्षा बलों की सराहना की है।
नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर भारत का धन्यवाद किया। दूतावास ने कहा कि भारत सरकार, नौसेना और वायुसेना ने जिस तत्परता और पेशेवर तालमेल के साथ ईरानी नाविकों की जान बचाई, वह सराहनीय है। दूतावास ने इस कार्रवाई को दोनों देशों की पुरानी मित्रता और सहयोग का प्रतीक बताते हुए बचाव कार्य में शामिल सभी अधिकारियों और जवानों का आभार व्यक्त किया।
48 घंटे तक चला संयुक्त बचाव अभियान
भारतीय नौसेना ने अरब सागर में मुंबई से करीब 3000 किलोमीटर से अधिक दूरी पर यह बचाव अभियान शुरू किया। समुद्री लुटेरों की मौजूदगी के कारण यह ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण था, जिसमें भारतीय वायुसेना ने भी नौसेना का पूरा सहयोग किया। इस मिशन में भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस कोलकाता ने केंद्रीय भूमिका निभाई। दोनों बलों के उत्कृष्ट समन्वय के दम पर लगभग 48 घंटे के निरंतर प्रयासों के बाद सभी 20 ईरानी नागरिकों को बिना किसी नुकसान के बचा लिया गया।
रक्षा मंत्री ने जवानों के शौर्य को सराहा
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस सफल ऑपरेशन के लिए जवानों और अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने और संकट में फंसे लोगों की जान बचाने के प्रति भारत के दृढ़ संकल्प को दर्शाती है। अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र में भारत की इस कार्रवाई से न केवल उसकी त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता की पुष्टि हुई है, बल्कि दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों और विश्वास को भी नई मजबूती मिली है।