Mecca News: यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब पर मंगलवार को किए गए ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गईं। नेशनल अर्ली वार्निंग प्लेटफॉर्म ने पवित्र शहर मक्का में पहली बार आपातकालीन अलर्ट जारी किया। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं से ऊंची इमारतों से दूर रहने की अपील की।
मक्का, जेद्दा और ताइफ में लोगों के लिए सुरक्षा निर्देश
सऊदी सिविल डिफेंस ने नागरिकों को सुरक्षित रहने के लिए एडवाइजरी जारी की है। लोगों को घरों के अंदर रहने, बालकनी, खिड़कियों और कांच से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं। बाहर मौजूद लोगों को तुरंत मजबूत इमारतों की शरण लेने और किसी भी घटना की तस्वीर या वीडियो न बनाने की सख्त सलाह दी गई।
मक्का के अलावा जेद्दा और ताइफ में भी इसी तरह के आपातकालीन सायरन और चेतावनी संदेश जारी किए गए थे। हालांकि, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आने के बाद सिविल डिफेंस ने खतरा टलने की घोषणा करते हुए अलर्ट वापस ले लिया। सुरक्षा बल लगातार आसमान और जमीनी हालात पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।
हूती हमलों में अब तक 13 नागरिक घायल
सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन के प्रवक्ता कर्नल तुर्की अल-मलिकी ने बताया कि सोमवार से जारी हमलों में कम से कम 13 नागरिक घायल हुए हैं। हूतियों ने खमिस मुशैत, अबहा और ताइफ को निशाना बनाकर कई मिसाइलें दागीं। गठबंधन ने इन हमलों को जानबूझकर निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाने की कायराना हरकत करार दिया है।