Amhara News: इथियोपिया के अम्हारा क्षेत्र में सोमवार को मूसलाधार बारिश के बाद आए भयावह भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। यह हादसा ‘त्सादकाने देब्रे मितमाक सेंट मैरी’ मठ परिसर में हुआ। इस आपदा में कम से कम 14 श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पवित्र जल से शुद्धिकरण अनुष्ठान के दौरान हुआ हादसा
यह दुर्घटना उस समय हुई जब सैकड़ों श्रद्धालु पुरानी बीमारियों के आध्यात्मिक उपचार के लिए मठ परिसर में इकट्ठा हुए थे। वे पवित्र जल से शुद्धिकरण के अनुष्ठान में भाग ले रहे थे। सुबह करीब सात बजे मूसलाधार बारिश के चलते अचानक पहाड़ी दरक गई और पूरा मलबा वहां मौजूद श्रद्धालुओं पर आ गिरा।
मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका
मठ के महाप्रबंधक मेगाबे हादिस नेका तिबेब अबाबू ने बताया कि मृतकों में अधिकतर वे लोग हैं जो धार्मिक अनुष्ठान के लिए पहुंचे थे। उन्होंने आशंका जताई है कि मलबे के नीचे अब भी कई लोग दबे हो सकते हैं। राहत टीमें लगातार बचाव कार्य में लगी हुई हैं, लेकिन फंसे लोगों की सही संख्या स्पष्ट नहीं है।
अस्पताल में घायलों का इलाज, 11 का हुआ अंतिम संस्कार
अबाबू के मुताबिक 11 मृतकों का अंतिम संस्कार मठ परिसर में ही कर दिया गया है। बाकी शवों को उनके पैतृक गांव भेजा गया है, हालांकि कुछ की पहचान बाकी है। गंभीर रूप से घायलों को इलाज के लिए 70 किलोमीटर दूर देबरे बिरहान शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।