Antalya News: तुर्किये के अंताल्या में जारी संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन (काप-31) के पहले सप्ताह में सदस्य देशों के बीच जीवाश्म ईंधन को लेकर गहरे मतभेद उभरकर सामने आए हैं। वार्ता में आए इस गतिरोध के बीच संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने शुक्रवार को ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में तत्काल और भारी कटौती करने का जोरदार आह्वान किया है।
वार्ता के पहले सप्ताह के समापन पर पर्यवेक्षकों ने बताया कि जीवाश्म ईंधन के बड़े उत्पादक और उपभोक्ता देश किसी भी ऐसे समझौते का कड़ा विरोध कर रहे हैं, जिसमें नए बाध्यकारी लक्ष्य तय किए जाएं या तेल, गैस व कोयले के उपयोग को समाप्त करने की बात कही गई हो। इस गतिरोध के कारण शिखर सम्मेलन के मेजबान तुर्किये और प्रमुख वार्ताकार ऑस्ट्रेलिया के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। दोनों देशों के पास अब एक महत्वाकांक्षी समझौता कराने के लिए केवल एक सप्ताह का समय शेष है।
‘बड़े उत्सर्जकों को समझनी होगी कटौती की जरूरत’
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने बड़े उत्सर्जक देशों की जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा, “मुख्य मुद्दा सदस्य देशों, विशेष रूप से बड़े उत्सर्जकों के हाथ में है। सदी के अंत तक 1.5 डिग्री सेल्सियस के लक्ष्य को हासिल करने की संभावना बनाए रखने के लिए उन्हें उत्सर्जन में तत्काल और भारी कटौती की आवश्यकता को समझना होगा।”
उनका इशारा वैश्विक तापमान वृद्धि की उस सीमा की ओर था, जिस पर वर्ष 2015 के पेरिस जलवायु समझौते के तहत विभिन्न देशों ने सहमति जताई थी। उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र की पिछले महीने जारी एक रिपोर्ट में चेतावनी दी गई थी कि दुनिया का तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस की सीमा को पार करने की राह पर है। वैज्ञानिकों का मानना है कि इस सीमा को बनाए रखने से ही जलवायु परिवर्तन के सबसे विनाशकारी प्रभावों को रोका जा सकता है।
जीवाश्म ईंधन लॉबी पर साधा निशाना, नवीकरणीय ऊर्जा पर जताई उम्मीद
गुटेरस ने वार्ता को प्रभावित करने वाली लॉबी पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि हमें जीवाश्म ईंधन लॉबी के असमान प्रभाव का सामना करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि हमारी धरती का भविष्य उन लोगों की शर्तों पर तय नहीं हो सकता, जो इसके विनाश से मुनाफा कमा रहे हैं।
हालांकि, तमाम चुनौतियों के बावजूद संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने भविष्य को लेकर आशा व्यक्त की। उन्होंने कहा, “मैं अब भी आशावान हूं, क्योंकि मैंने पिछले 10 वर्षों में काफी कुछ असाधारण होते हुए भी देखा है। आज नवीकरणीय ऊर्जा हाशिये से निकलकर मुख्यधारा में आ गई है, अर्थव्यवस्था बदल गई है और तकनीक आगे बढ़ी है। स्वच्छ, सुरक्षित और अधिक भरोसेमंद ऊर्जा का भविष्य हमारे हाथ में है। अब सवाल यह है कि क्या हम इसे हासिल करने का साहस और तेजी दिखा पाएंगे?”