Belgium News: बेल्जियम के सिंट-गिलिस-डेंडरमोंडे इलाके में एक पुरानी शराब फैक्ट्री की मरम्मत के दौरान 18 वर्षीय छात्र और अन्य मजदूरों को करीब 99 करोड़ रुपये (9 मिलियन यूरो) का खजाना मिला है। तहखाने की बंद दीवार के पीछे छिपे बैग से 49 सोने की सिल्लियां और हजारों सिक्के बरामद हुए हैं, जिन्हें पुलिस ने सरकारी संरक्षण में रखवा दिया है।
बेल्जियम के सिंट-गिलिस-डेंडरमोंडे (Sint-Gillis-Dendermonde) इलाके में मरम्मत कार्य के दौरान जमीन की खुदाई करते समय मजदूरों को करोड़ों रुपये का गुप्त खजाना मिला है। राजधानी ब्रसेल्स से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित एक पुरानी शराब बनाने वाली फैक्ट्री में 11 अगस्त 2026 को यह घटना हुई। सीवर पाइप बिछाने के लिए नींव की खुदाई करते समय 18 वर्षीय छात्र कोबे और उसके साथियों को सबसे पहले कुछ पुराने सिक्के दिखाई दिए, जिसके बाद जांच करने पर एक बड़ा खजाना सामने आया।
तहखाने की बंद दीवार के पीछे छिपा था खजाना
खुदाई के दौरान मलबे को हटाने पर वहां से सोने की सिल्लियां और बड़ी संख्या में कीमती सिक्के बरामद हुए। जानकारी के अनुसार, यह पूरा खजाना एक बैग में भरकर तहखाने की एक बंद दीवार के पीछे छिपाया गया था, जिसे काफी समय पहले ईंटों से चुनवा दिया गया था। इस खजाने में नंबर अंकित 49 सोने की सिल्लियां और हजारों सिक्के शामिल हैं। इसकी कुल अनुमानित कीमत करीब 9 मिलियन यूरो (लगभग 99 करोड़ रुपये) आंकी गई है।
19वीं सदी की पुरानी इमारत का इतिहास
जिस इमारत से यह खजाना बरामद हुआ है, उसका निर्माण 19वीं सदी के अंत में एक अमीर शराब कारोबारी परिवार के सदस्य थियोफिलस वान एस्शे के लिए कराया गया था। इस परिसर में वर्ष 1899 में शराब बनाने का कारोबार शुरू हुआ था, जो 1970 तक संचालित रहा। समय के साथ इस संपत्ति के कई मालिक बदलते रहे, जिससे यह जांच का विषय बना हुआ है कि यह खजाना किस पूर्व मालिक का हो सकता है।
किसे मिलेगा 99 करोड़ के खजाने पर मालिकाना हक
खजाना मिलने के बाद मजदूरों ने ईमानदारी दिखाते हुए इसे अपने पास रखने के बजाय संपत्ति मालिक और पुलिस को सूचित किया। इसके बाद पुलिस ने पूरे सोने और सिक्कों को ब्रसेल्स स्थित एक सुरक्षित सरकारी स्थान पर रखवा दिया है। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि यह किसी की निजी संपत्ति थी या चोरी का माल।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि 99 करोड़ रुपये की इस संपत्ति का कानूनी हकदार कौन होगा। इस पर पुराने वान एस्शे परिवार के वंशजों, मौजूदा संपत्ति मालिक संस्था ‘CAW Oost-Vlaanderen’ और खजाना खोजने वाले मजदूरों के अधिकारों के पहलू से विचार किया जा रहा है। बेल्जियम के कानून के मुताबिक, संभावित मालिकों को अपना दावा साबित करने के लिए पांच साल का समय दिया जाता है। यदि वर्ष 2031 तक कोई वास्तविक मालिक सामने नहीं आता है, तो खजाना खोजने वाले मजदूरों और जमीन के मालिक के बीच इसे बांटे जाने की संभावना है। ऐसा होने पर पार्ट-टाइम काम करने वाले 18 वर्षीय छात्र कोबे को भी इसका हिस्सा मिल सकता है।