Lucknow News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत भारतीय जनता पार्टी ने अन्य राज्यों के छह वरिष्ठ संगठन मंत्रियों को प्रदेश के छह संगठनात्मक क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया है। मथुरा में होने वाले दो दिवसीय चिंतन शिविर में ये सभी नेता शामिल होकर चुनावी रणनीति तैयार करेंगे।
उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। इसके तहत पार्टी ने दूसरे राज्यों में कार्यरत छह वरिष्ठ संगठन मंत्रियों को उत्तर प्रदेश के छह संगठनात्मक क्षेत्रों में अस्थायी रूप से तैनात करने का फैसला किया है। संगठन की यह सक्रियता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान के बाद सामने आई है, जिसमें उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से बड़ी संख्या में हिंदू मतदाताओं के नाम कटने की बात कही थी।
मथुरा के चिंतन शिविर में तय होगी आगे की रूपरेखा
संगठन की दृष्टि से भाजपा ने उत्तर प्रदेश को छह क्षेत्रों—काशी, गोरखपुर, अवध, कानपुर-बुंदेलखंड, ब्रज और पश्चिम में विभाजित किया है। सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने और चुनावी रणनीति को धार देने के लिए इन छह नेताओं को लगाया गया है। अगले सप्ताह की शुरुआत में मथुरा में आयोजित होने वाले भाजपा के दो दिवसीय चिंतन शिविर में ये सभी संगठन मंत्री शामिल रहेंगे।
इन छह राज्यों के संगठन मंत्रियों को मिली जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश चुनाव के मद्देनजर जिन छह संगठन मंत्रियों को जिम्मेदारी दी गई है, उनमें राजस्थान के संगठन मंत्री अजय कुमार, मध्य प्रदेश के संगठन मंत्री चंद्रशेखर, छत्तीसगढ़ के संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह, झारखंड के संगठन मंत्री पवन साईं, आंध्र प्रदेश-तेलंगाना के संगठन मंत्री एन. मधुकर और महाराष्ट्र के प्रदेश सह-संगठन महामंत्री सतीश धोंड शामिल हैं।
हालांकि, इनमें से किस नेता को उत्तर प्रदेश के किस क्षेत्र की कमान सौंपी जाएगी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। क्षेत्रों का आवंटन तय होने के बाद ये सभी संगठन मंत्री संबंधित क्षेत्र के स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों के साथ मिलकर चुनावी अभियानों का संचालन करेंगे।