New Delhi News: गुजरात के सुरेंद्रनगर में जन्मे 18 वर्षीय ऑलराउंडर मोहित उल्वा ने पाकिस्तान के खिलाफ मेंस अंडर-19 एशिया कप फाइनल में भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई है। 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 26 गेंदों में 49 रन बनाए और आखिरी गेंद पर चौका जड़कर टीम इंडिया को एक विकेट से चैंपियन बनाया।
मेंस अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ अंतिम गेंद पर भारत को मिली एक विकेट की जीत में मोहित उल्वा ने निर्णायक भूमिका निभाई है। 338 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए थे। मोहित जब 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे, तब टीम को जीत के लिए 8.3 ओवर में 86 रनों की जरूरत थी। उन्होंने दबाव के बीच 26 गेंदों में पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 49 रन बनाए और अंतिम गेंद पर चौका लगाकर भारत को जीत दिलाई।
गुजरात के सुरेंद्रनगर से भारतीय टीम तक का सफर
18 वर्षीय मोहित उल्वा का जन्म 30 नवंबर 2007 को गुजरात के सुरेंद्रनगर में हुआ था। वे दाएं हाथ के मध्यम गति के तेज गेंदबाज और निचले क्रम के उपयोगी बल्लेबाज हैं। उनके पिता महेशभाई उल्वा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) में कार्यरत हैं। मोहित ने सौराष्ट्र के एज-ग्रुप क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन करते हुए भारतीय अंडर-19 टीम में अपनी जगह बनाई है।
मोहित ने बचपन में अपने गांव में चचेरे भाइयों के साथ टेनिस-बॉल क्रिकेट खेलना शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने जामनगर के ‘क्रिकेट बंगला’ में कोच महेंद्र सिंह चौहान से प्रशिक्षण लिया, जिन्होंने रवींद्र जडेजा को भी क्रिकेट के गुर सिखाए हैं।
ऑफ स्पिनर से तेज गेंदबाज और बल्लेबाज बनने की कहानी
मोहित ने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत एक ऑफ-स्पिनर के रूप में की थी। हालांकि, उनकी तेज दौड़ने की क्षमता को देखते हुए कोच महेंद्र सिंह चौहान ने उन्हें तेज गेंदबाजी करने की सलाह दी। पिता का तबादला राजकोट होने के बाद मोहित ने सौराष्ट्र की एज-ग्रुप टीमों से खेलना शुरू किया।
इससे पहले वे सौराष्ट्र प्रीमियर लीग में भारतीय तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट के साथ एक सीजन खेल चुके थे। मोहित के अनुसार, नेट्स में उनादकट को ‘स्लोअर बाउंसर’ डालते देख उन्होंने भी इसका अभ्यास किया और उनादकट ने ही उन्हें इस गेंद को लगातार आजमाने के लिए प्रेरित किया। वहीं, उनके पिता ने गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी सुधारने के लिए उन्हें बॉलिंग मशीन और थ्रोडाउन के जरिए नियमित अभ्यास कराया, जिसका परिणाम फाइनल मैच में देखने को मिला।