New York News: अमेरिका की एक संघीय अदालत ने ईरान के इशारे पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन की हत्या की साजिश रचने के दोषी पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट को 27 साल 6 महीने की जेल की सजा सुनाई है। यह फैसला 17 नवंबर को सुनाया गया।
अमेरिका की एक संघीय अदालत ने आतंकवादी हमले की कोशिश और सुपारी देकर हत्या की साजिश रचने के मामले में दोषी पाए गए पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट को 27 साल और 6 महीने की कैद की सजा सुनाई है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, मर्चेंट ने ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के निर्देश पर यह साजिश रची थी। इस योजना के संभावित निशानों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन और अन्य प्रमुख व्यक्ति शामिल थे।
अमेरिकी न्याय विभाग और अभियोजकों का पक्ष
अदालत का फैसला आने के बाद अमेरिका के अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने कहा कि ईरान के लिए काम करने वाला मर्चेंट राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या की योजना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से अमेरिका आया था और उसे अपने अपराधों की सजा मिल गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिकी न्याय विभाग देश के शीर्ष नेताओं के खिलाफ विदेशी आतंकी साजिशों को बर्दाश्त नहीं करेगा।
ईस्टर्न डिस्ट्रिक्ट ऑफ न्यूयॉर्क के अमेरिकी अटॉर्नी जोसेफ नोसेला जूनियर ने कहा कि इस सजा के बाद आसिफ मर्चेंट दोबारा अमेरिका में किसी हमले की योजना नहीं बना सकेगा। उन्होंने ईरान और विदेशों में सक्रिय उसके नेटवर्क को चेतावनी दी कि अमेरिकी लोकतंत्र, निर्वाचित प्रतिनिधियों या नागरिकों को निशाना बनाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेने का था मकसद
अमेरिकी न्याय विभाग के नेशनल सिक्योरिटी डिवीजन के प्रिंसिपल डिप्टी असिस्टेंट अटॉर्नी जनरल एम. स्कॉट प्रॉक्टर ने इस साजिश के लिए ईरान की IRGC को जिम्मेदार ठहराया। उनके मुताबिक, जनवरी 2020 में अमेरिकी हमले में मारे गए ईरानी सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी की हत्या का बदला लेने के मकसद से मर्चेंट को अमेरिका भेजा गया था। प्रॉक्टर ने कहा कि जांच और अभियोजन एजेंसियों की समय पर की गई कार्रवाई से यह साजिश विफल हो गई।
कई अमेरिकी एजेंसियों ने मिलकर की मामले की जांच
इस मामले की जांच में एफबीआई (FBI) के न्यूयॉर्क, डलास, ह्यूस्टन, टाम्पा, शिकागो और बोस्टन फील्ड ऑफिस के साथ-साथ अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा एजेंसी (US Customs and Border Protection) ने भी महत्वपूर्ण सहयोग किया।
एफबीआई के न्यूयॉर्क फील्ड ऑफिस के प्रभारी सहायक निदेशक जेम्स सी. बार्नेकल ने कहा कि मर्चेंट की साजिश अमेरिकी राष्ट्रीय और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा थी। उन्होंने बताया कि ईरानी सरकार के एक प्रमुख आलोचक को निशाना बनाने की योजना भी इस साजिश का हिस्सा थी। अमेरिकी अधिकारियों ने दोहराया कि एफबीआई की ज्वाइंट टेररिज्म टास्क फोर्स ऐसे आतंकी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगी।