गूगल प्ले स्टोर पर मौजूद फर्जी व्हाट्सएप ने 5 लाख से ज्यादा यूजर्स को फंसाया, तुरंत करें डेवलपर नेम की पहचान

Share

- Advertisement -

New Delhi News: दुनिया भर के 180 देशों में दो अरब से अधिक लोगों द्वारा उपयोग किए जाने वाले मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप का एक फर्जी वर्जन गूगल प्ले स्टोर पर सामने आया है। असली एप्लिकेशन जैसे नाम और आइकन वाले इस क्लोन एप को सितंबर महीने से अब तक पांच लाख से अधिक लोग डाउनलोड कर चुके हैं, जिससे सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं।

एंड्रॉयड अथॉरिटी की रिपोर्ट के अनुसार यह फर्जीवाड़ा रेडिट यूजर ने उजागर किया। 42 एमबी साइज वाले इस क्लोन एप को ‘स्पॉन्सर्ड’ विज्ञापन के रूप में प्रमोट किया गया था। असली व्हाट्सएप जहां ‘व्हाट्सएप एलएलसी’ नाम के डेवलपर के तहत रजिस्टर्ड है, वहीं इस नकली एप्लिकेशन को ‘एगमेंट एसेट्स सल्लू’ नाम के डेवलपर ने प्ले स्टोर पर पब्लिश किया है।

विवरण कॉपी कर बनाया क्लोन, यूजर्स को सतर्क रहने की चेतावनी

फर्जी लिस्टिंग में असली व्हाट्सएप के डिस्क्रिप्शन और स्क्रीनशॉट्स को कॉपी किया गया है, हालांकि इसमें नियम व शर्तों वाले जरूरी लिंक्स गायब हैं। यह क्लोन संभवतः यूजर रिव्यू से बचने के लिए अर्ली एक्सेस फीचर का सहारा ले रहा है। लिस्टिंग में डेटा कलेक्ट न करने का दावा किया गया है, लेकिन अनधिकृत होने के कारण यह प्राइवेसी के लिए बड़ा खतरा है।

यूजर्स को सतर्क किया जाता है कि वे केवल मेटा के अधिकृत डेवलपर ‘व्हाट्सएप एलएलसी’ द्वारा जारी मूल एप ही इस्तेमाल करें। यदि आपके स्मार्टफोन में इंस्टॉल किए गए व्हाट्सएप की प्ले स्टोर लिस्टिंग में किसी अन्य डेवलपर का नाम दिखता है, तो उसे तुरंत अनइंस्टॉल कर देना चाहिए ताकि निजी जानकारियों और डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News