Social Media News: फेसबुक अपने प्लेटफॉर्म को नया रूप देने की तैयारी कर रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म अब फुल स्क्रीन वीडियो फीचर की टेस्टिंग कर रहा है। मेटा द्वारा ऐप खोलते ही इमर्सिव फुल-स्क्रीन वीडियो एक्सपीरियंस शुरू करने की योजना बनाई गई है। यह नया फीचर यूजर्स को टिकटॉक जैसा अनुभव देगा।
चुनिंदा यूजर्स के साथ शुरू हुई नए वीडियो-फर्स्ट फीड की टेस्टिंग
मेटा के अधिकारी टॉम एलिसन ने पुष्टि की है कि यह टेस्ट उन चुनिंदा यूजर्स के साथ किया जा रहा है, जो ज्यादा वीडियो देखते हैं। टेस्ट में शामिल लोग चाहें तो इस नई सेटिंग को बंद कर सकते हैं और पुराने क्लासिक फेसबुक पर वापस आ सकते हैं। अगले साल तक इसे सभी के लिए स्टेबल वर्जन में लाने की योजना है।
फेसबुक पर लोगों की घटती दिलचस्पी को देखते हुए यह कदम बेहद अहम माना जा रहा है। अब ज्यादातर यूजर्स पैसिव कंज्यूमर्स बन चुके हैं। इंस्टाग्राम के प्रमुख एडम मोसेरी के अनुसार, यूजर्स बहुत कम पोस्ट करते हैं। इसलिए यूजर्स का मनोरंजन करने और बेहतर एक्सपीरियंस देने के लिए प्लेटफॉर्म पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित रेकमेंडेशन्स दिखाए जा रहे हैं।
फेक AI प्रोफाइल से बचाने के लिए लॉन्च हुआ फ्री ‘वेरिफाइड बैज’
मेटा ने फेक AI प्रोफाइल से निपटने के लिए एक नया सुरक्षा फीचर पेश किया है। कंपनी ने ‘Facebook Verified’ नाम से एक फ्री वेरिफिकेशन बैज लॉन्च किया है। इसका मुख्य उद्देश्य ऑटोमेटेड बातचीत और फर्जी खातों को पहचानकर ऑनलाइन कम्युनिटी में लोगों के बीच आपसी भरोसे को पहले से काफी ज्यादा बढ़ाना है।
यह बैज हासिल करने के लिए एलिजिबल यूजर्स को केवल एक छोटा सेल्फी वीडियो रिकॉर्ड करना होगा। फेसबुक इस वीडियो का मिलान प्रोफाइल फोटो से करके पहचान की पुष्टि करेगा। यह वेरिफिकेशन पूरी तरह फ्री है। यह सुविधा फिलहाल 18 साल से अधिक उम्र के यूजर्स के लिए ही उपलब्ध कराई गई है।