Lucknow News: उत्तर प्रदेश में रक्षाबंधन पर महिलाओं को राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में फ्री यात्रा की सुविधा मिलेगी। 27 अगस्त रात से 28 अगस्त रात तक महिलाएं एक सहयोगी के साथ निशुल्क सफर कर सकेंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुरक्षित यात्रा व्यवस्था के सख्त निर्देश दिए हैं।
महिला सुरक्षा के लिए एंटी-रोमियो स्क्वॉड रहेगा एक्टिव
मुख्यमंत्री ने ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट, पुलिस और एडमिनिस्ट्रेशन को मिलकर पूरे इंतजाम करने को कहा है। रूट्स पर ट्रैफिक मैनेजमेंट बेहतर करने के साथ महिला सुरक्षा के लिए एंटी-रोमियो स्क्वॉड पूरी तरह सक्रिय रहेगा। नशे में बस चलाने वाले ड्राइवरों पर रोक लगाने और टैक्सी चालकों का वेरिफिकेशन कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश के शहरों में जलभराव और सीवेज सिस्टम की समीक्षा
सीएम योगी ने लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, गोरखपुर, मेरठ और गाजियाबाद सहित कई जिलों में जलभराव की समीक्षा की। उन्होंने अतिरिक्त पंपिंग स्टेशन लगाने और नालों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। सभी मेयर, नगर पालिका अध्यक्षों और पार्षदों को फील्ड में उतरकर ड्रेनेज व सफाई व्यवस्था देखने को कहा गया है।
बाढ़ प्रभावित 19 जिलों में राहत कार्य तेज करने के आदेश
बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 19 बाढ़ प्रभावित जिलों की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने बलिया, गोंडा, बहराइच, बाराबंकी, फर्रुखाबाद और लखीमपुर खीरी के डीएम से बात कर राहत कार्यों की जानकारी ली। इसके साथ ही आगामी गन्ना पेराई सत्र और स्कूलों की व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए।