Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में कांवड़ यात्रा के चलते सभी स्कूल और कॉलेजों में तीन अगस्त से 10 अगस्त तक छुट्टी की घोषणा की गई है। शनिवार को जारी आधिकारिक बयान में इस बात की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी (DM) उमेश मिश्रा ने यात्रा को देखते हुए यह आदेश जारी किया है।
कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से शुरू हो चुकी है, जो 11 अगस्त को शिवरात्रि के जलाभिषेक के साथ संपन्न होगी। श्रावण का पवित्र महीना 28 अगस्त को खत्म हो रहा है। इस बीच हरिद्वार से कांवड़ियों की आवाजाही शुरू हो गई है। प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं ताकि यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हो सके।
देवरिया में आंबेडकर प्रतिमा विवाद: उपनिरीक्षक और 2 आरक्षी सस्पेंड
उधर उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में खलिहान की जमीन पर बिना परमिशन डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर विवाद बढ़ गया। घटना के दौरान पुलिस पर पथराव की खबर भी सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने सख्त एक्शन लिया है।
एसपी ने लापरवाही बरतने के आरोप में एक उपनिरीक्षक और दो आरक्षियों को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। पुलिस के मुताबिक गौरी बाजार थाना इलाके के पोखारभिंडा गांव में कुछ लोग बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के खलिहान की जमीन पर चबूतरा बनाकर प्रतिमा स्थापित करने की कोशिश कर रहे थे, जिससे यह विवाद पैदा हुआ।