Maharajganj News: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में निचलौल मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की जान चली गई। पुलिस के अनुसार चारों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जन्मदिन का जश्न मनाने जा रहे थे। रास्ते में भारत गैस एजेंसी के पास उनकी बाइक सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।
स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल चौथे युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर ट्रक भी सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में पलट गया।
सगे भाइयों समेत चार युवकों की गई जान
हादसे के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतकों की पहचान पचमा गांव के शिव निषाद, उनके भाई विवेक निषाद, सनी और किशन निषाद के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक शिव और विवेक आपस में सगे भाई थे।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक किसी अन्य वाहन को बचाने की कोशिश कर रहा था, जिस दौरान यह हादसा हुआ। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। एक साथ चार युवकों की मौत से इलाके में मातम पसर गया है।