New Delhi News: श्रीलंका स्थित भारतीय राजनयिक मिशनों की सुरक्षा के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के 50 स्पेशल कमांडोज की तैनाती की जा रही है। कोलंबो और जाफना में तैनात होने वाले इस विशेष सुरक्षा दस्ते को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) द्वारा वीवीआईपी सुरक्षा और एक्सेस कंट्रोल का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
विदेशों में स्थित भारतीय राजनयिक मिशनों और वहां कार्यरत अधिकारियों की सुरक्षा पुख्ता करने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। इसके तहत सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के 50 स्पेशल कमांडोज की टीम श्रीलंका में भारतीय उच्चायोग और वाणिज्य दूतावास की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेगी। इस विशेष दस्ते में दो राजपत्रित अधिकारी (गजेटेड ऑफिसर), तीन अधीनस्थ अधिकारी (सबोर्डिनेट ऑफिसर) और अन्य रैंकों के 45 जवान शामिल हैं। श्रीलंका में तैनाती से पहले इन कमांडोज को विभिन्न चरणों में कड़ा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
तीन चरणों में पूरा कराया जा रहा है प्रशिक्षण
विदेश में संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए इन कमांडोज को अलग-अलग स्तरों पर तैयार किया जा रहा है। पहले चरण में बीएसएफ के ट्रेनिंग सेंटर में जवानों को उन अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और संभावित खतरों के अनुरूप प्रशिक्षित किया गया, जिनका सामना उन्हें विदेश में करना पड़ सकता है।
इसके बाद दूसरे चरण में जवानों को प्रशिक्षित करने की जिम्मेदारी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) को सौंपी गई। सीआईएसएफ ने दिल्ली के छावला स्थित बीएसएफ की 25वीं बटालियन में इन कमांडोज को चार सप्ताह का ‘प्री-इंडक्शन’ प्रशिक्षण दिया।
सीआईएसएफ ने सिखाए वीवीआईपी सुरक्षा और एक्सेस कंट्रोल के गुर
तीसरे चरण के प्रशिक्षण के तहत बीएसएफ कमांडोज को सीआईएसएफ के ग्रेटर नोएडा स्थित स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसएसजी) और नई दिल्ली के महिपालपुर स्थित एविएशन सिक्योरिटी ग्रुप (एएसजी) में ले जाया गया। यहां सीआईएसएफ के अनुभवी प्रशिक्षकों ने बीएसएफ जवानों को वीवीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल, आधुनिक स्क्रीनिंग उपकरणों के संचालन और हाई-सिक्योरिटी एक्सेस कंट्रोल का व्यावहारिक अभ्यास कराया।
कोलंबो और जाफना में होगी तैनाती
बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, बल की इस विशेष सुरक्षा टीम को श्रीलंका स्थित भारतीय मिशनों की सुरक्षा का जिम्मा सौंपा गया है। इन जवानों को कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग (हाई कमीशन ऑफ इंडिया) और जाफना स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास (कंसुलेट जनरल ऑफ इंडिया) में तैनात किया जाएगा।
प्रशिक्षण व्यवस्था के तहत बीएसएफ ने सीआईएसएफ से प्रशिक्षक और स्क्रीनिंग उपकरण उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। सीआईएसएफ मुख्यालय में समीक्षा के बाद, संसाधनों की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए एक विशेष योजना तैयार की गई, जिसके तहत बीएसएफ की टीम को सीआईएसएफ के आधुनिक प्रशिक्षण केंद्रों पर विशेष विजिट कराकर यह प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कराया गया।