गाजियाबाद के वसुंधरा पुलिस चौकी ब्लास्ट मामले में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज, जांच शुरू

Share

- Advertisement -

Ghaziabad News: गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए भीषण धमाके के मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। उपनिरीक्षक विकास सिंह की तहरीर पर विस्फोटक पदार्थ अधिनियम सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है। मामले की विस्तृत जांच इंस्पेक्टर अजय चौधरी को सौंपी गई है।

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए संदिग्ध विस्फोट मामले में पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के संबंध में इंदिरापुरम थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न आपराधिक और विशेष अधिनियमों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

यह घटना 6 नवंबर की रात करीब 8 बजकर 50 मिनट पर हुई। उस समय उपनिरीक्षक विकास सिंह चौकी पर मौजूद थे, तभी परिसर के पिछले हिस्से में जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि चौकी के कमरे की दीवारों में दरारें आ गईं, पीछे बने बाथरूम और कमरों की कांच की खिड़कियां चकनाचूर हो गईं तथा कमरे में रखा सामान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। धमाके के तुरंत बाद फील्ड यूनिट और जांच एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

उपनिरीक्षक विकास सिंह की लिखित तहरीर के आधार पर 7 नवंबर को शाम 5:29 बजे इंदिरापुरम थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 326(f), 326(g) और 132 के तहत केस दर्ज किया है।

इसके साथ ही सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा 3 और 4 तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3 और 4 भी लगाई गई हैं। एफआईआर में फिलहाल किसी भी व्यक्ति को नामजद नहीं किया गया है।

इंस्पेक्टर अजय चौधरी को मिली विवेचना

मामले की गंभीरता को देखते हुए विवेचना की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर अजय चौधरी को सौंपी गई है। दर्ज प्राथमिकी में अभी धमाके के सटीक कारणों या इस्तेमाल किए गए विस्फोटक पदार्थ का स्पष्ट उल्लेख नहीं है। पुलिस और फॉरेंसिक टीमें जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि विस्फोट किस पदार्थ से हुआ और इसके पीछे किन लोगों की भूमिका थी।

Read more

Related News