Varanasi News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। वाराणसी में स्वच्छता मित्रों के सम्मान समारोह में उन्होंने कहा कि दोपहर में सोकर उठने और सिर्फ अपने परिवार तक सीमित रहने वाले जनप्रतिनिधि कभी बदलाव नहीं ला सकते। उन्होंने नेताओं को जनता के बीच रहने की नसीहत दी।
सीएम योगी ने कहा कि जब जनप्रतिनिधि खुद जागरूक होंगे, तभी आम नागरिक भी जागरूक बनेंगे। जो नेता परिवार को ही पूरा समाज मान लेते हैं, उनकी दुर्गति होना तय है। उन्होंने चुनाव जीतकर लखनऊ में डेरा डालने वाले नेताओं को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जीतने के बाद अपने क्षेत्र में न जाना जनसेवा की भावना के खिलाफ है।
जनप्रतिनिधि जनता और प्रशासन के बीच मजबूत कड़ी बनें: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को सिर्फ अधिकारियों की शिकायत करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्हें आयुष्मान भारत, आवास, पेंशन और राशन कार्ड जैसी योजनाओं के लिए कैंप लगाने चाहिए। यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक सरकारी लाभ पहुंचे। जनता की समस्याओं का समाधान बातचीत से होना चाहिए, विवाद से नहीं।
वाराणसी दक्षिणी के विधायक नीलकंठ तिवारी के वार्ड प्रवास अभियान के समापन पर बोलते हुए सीएम ने काशी के विकास की चर्चा की। उन्होंने कहा कि साल 2014 से पहले काशी जाम, गंदगी और माफिया के खौफ से जूझ रही थी। आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में शहर का कायाकल्प हो चुका है। प्रयागराज में माफिया से खाली कराई जमीन पर गरीबों के लिए मकान बनेंगे।
