मेरठ का चर्चित सांप हत्याकांड: दोषी पत्नी रविता और प्रेमी अमरदीप की सजा पर अदालत आज सुनाएगी बड़ा फैसला

Share

- Advertisement -

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में बहुचर्चित सांप हत्याकांड मामले में अदालत 16 अक्टूबर को सजा सुनाएगी। अदालत ने आरोपी पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को पहले ही दोषी ठहरा दिया है। दोनों ने मिलकर पति की हत्या की थी और वारदात को सांप के काटने से हुई स्वाभाविक मौत दिखाने की पूरी साजिश रची थी।

नीले ड्रम कांड में दोषियों को सजा मिलने के बाद अब सबकी निगाहें इस सांप हत्याकांड पर टिकी हैं। बहसूमा के अकबरपुर सादात गांव में 12 अप्रैल 2025 को अमित कश्यप की घर में हत्या कर दी गई थी। इस मामले की अंतिम सुनवाई एडीजे-12 की कोर्ट में पूरी हो चुकी है।

वारदात वाली रात रविता ने प्रेमी के साथ मिलकर अमित का गला दबा दिया था। जुर्म को छिपाने के लिए उन्होंने एक जिंदा सांप बिस्तर पर शव के नीचे दबा दिया। उनका मकसद यह दिखाना था कि अमित की मौत जहरीले सांप के डसने से हुई है, जिससे कोई उन पर शक न करे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला झूठी कहानी का पूरा राज

पुलिस ने जब शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, तब डॉक्टरों ने मौत का असली कारण गला दबाना बताया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से झूठ का पर्दाफाश होते ही पुलिस ने तेजी से जांच आगे बढ़ाई। इसके बाद रविता और उसके साथी अमरदीप को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, जहां उन पर मुकदमा चला।

दोषी साबित होने के बाद दोनों मेरठ जेल में बंद हैं। वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने बताया कि फैसले की तारीख नजदीक आने से रविता काफी तनाव में है। हालांकि उसकी दिमागी हालत ठीक है। जेल प्रशासन उसकी सुरक्षा और मानसिक स्थिति का पूरा ध्यान रख रहा है और लगातार उसकी काउंसलिंग जारी है।

मेरठ का नीला ड्रम कांड यानी सौरभ हत्याकांड पूरे देश में चर्चा का विषय बना था। उसके बाद सामने आए इस सांप कांड ने भी सबको चौंका दिया था। जेल में बंद अन्य महिला बंदी भी अदालत के इस कड़े रुख से सहमी हुई हैं। अब देखना होगा कि अदालत दोनों को क्या सजा देती है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News